कोटा में भगवान श्री जगन्नाथ अपने भ्राता बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथयात्रा के माध्यम से नगर भ्रमण पर निकलेंगे। श्री पारीक पंचायत, कोटा के तत्वावधान में श्रीपुरा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली इस रथयात्रा के दौरान संकीर्तन, महाआरती, नागरिक अभिनंदन सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। बुधवार को मंदिर में भगवान की नयनाभिराम झांकी सजाई गई।

पंचायत के प्रवक्ता राहुल पारीक ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे संकीर्तन से होगा। इसके बाद सायं 5 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रीपुरा स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर कैथूनीपोल, लाल बुर्ज और सुभाष सर्किल मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। सायं 7 बजे भगवान जगन्नाथ की महाआरती आयोजित होगी, जबकि रात्रि 8 बजे महाप्रसाद वितरण एवं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।

पंचायत के अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि कोटा जिला सहकारी होलसेल उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के चेयरमैन हरिकृष्ण बिरला होंगे। वहीं अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाडी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

पंचायत के महामंत्री अशोक पारीक ने बताया कि समाज के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. के.के. पारीक को क्लिनिकल कार्डियोलॉजिस्ट्स एंड डायबिटोलॉजिस्ट्स सोसायटी ऑफ इंडिया (CCDSI) के यूके चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

महिला अध्यक्ष निर्मला पारीक एवं महिला महामंत्री अनिता पारीक ने बताया कि रथयात्रा से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का विशेष पुष्प श्रृंगार किया जाएगा। स्नान, मंगलाचार, नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से अलंकृत कर भगवान की भव्य झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से आलोकित किया जाएगा। संकीर्तन में श्रद्धालु ढोलक, मृदंग, हारमोनियम, तबला एवं ताल की मधुर ध्वनि के साथ भक्ति रस में सराबोर होंगे।

कोषाध्यक्ष विनोद पारीक ने बताया कि श्री पारीक पंचायत, कोटा द्वारा भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन विगत 19 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस वर्ष भी धार्मिक परंपरा के अनुरूप भगवान जगन्नाथ परिवार सहित नगर भ्रमण पर निकलेंगे और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story