कोटा में आज महर्षि बालिनाथ जयंती और बैरवा दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। बैरवा विकास समिति कोटा के तत्वावधान में यह भव्य समारोह रविवार, 27 दिसंबर को खड़े गणेशजी रोड स्थित धरणीधर मैरिज गार्डन में दोपहर एक बजे से श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकता के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में व्यापक उत्साह और सक्रियता दिखाई दे रही है।

समिति के अध्यक्ष धनराज बैरवा ने बताया कि इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, रामगोपाल बैरवा, केशोरायपाटन विधायक सी.एल. प्रेमी एवं अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा की उपस्थिति रहेगी, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।

प्रदेशभर से हजारों की संख्या में बैरवा समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। समिति के महामंत्री सत्यनारायण बैरवा ने जानकारी दी कि आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को अध्यक्ष धनराज बैरवा के नेतृत्व में समिति पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष प्रेमशंकर जाटवा, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, संयुक्त सचिव प्रवीण वाडिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

समारोह के दौरान समाज के बच्चों और युवाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो समाज की सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभा को मंच प्रदान करेंगी। महामंत्री सत्यनारायण बैरवा और उपाध्यक्ष प्रेमशंकर जाटवा ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं में प्रेरणा का संचार होगा।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आयोजन को प्लास्टिक डिस्पोजल मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। कोषाध्यक्ष अनिल कुमार और संयुक्त सचिव प्रवीण वाडिया ने बताया कि पीने के पानी के लिए प्लास्टिक डिस्पोजल के स्थान पर स्टील के लोटे और प्लास्टिक मग की व्यवस्था की गई है, ताकि समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का स्पष्ट संदेश दिया जा सके।

महर्षि बालिनाथ जयंती एवं बैरवा दिवस का यह आयोजन न केवल सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा, बल्कि शिक्षा, पर्यावरण और संगठनात्मक मजबूती के संदेश के साथ कोटा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक घटना के रूप में दर्ज होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story