कोटा बग्गीखाना के 53 परिवारों को 15 दिन में शिफ्ट करने का आदेश
केडीए मकानों की मरम्मत करेगा और सोमवार से विशेष शिविर में बिजली-पानी कनेक्शन मिलेंगे; इसके बाद परिसर खाली करना होगा।

कोटा में सीएडी सर्किल स्थित बग्गीखाने के रहवासियों के पुनर्वास की प्रक्रिया अब तेज होगी। यहां रहने वाले 53 परिवारों को कुंद-कुंद आवासीय योजना में आवंटित मकानों में शिफ्ट करने के लिए नगर निगम ने 15 दिन की समय-सीमा तय की है। केडीए आवासों की मरम्मत करवाएगा, जबकि केईडीएल और जलदाय विभाग बिजली एवं पानी के कनेक्शन जारी करने के लिए विशेष शिविर लगाएंगे। इन सुविधाओं के बाद बग्गीखाने के आवंटियों को निर्धारित अवधि में परिसर खाली करना होगा।
पुनर्वास प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा की अध्यक्षता में नगर निगम, केडीए, जेवीवीएनएल, केईडीएल और जलदाय विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य यह पता लगाना था कि आवास आवंटित होने के बावजूद बग्गीखाने के परिवार अब तक वहां से शिफ्ट क्यों नहीं हुए हैं और उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि बग्गीखाने के 53 परिवारों को कुंद-कुंद आवासीय योजना में आवास आवंटित किए जा चुके हैं, लेकिन वे अभी तक वहां शिफ्ट नहीं हुए हैं। बैठक में संत कंवर राम सिंधी धर्मशाला के अध्यक्ष गिरधारी पंजवाणी और पूज्य सिंधी हाडोती पंचायत के अध्यक्ष महेश आहूजा के नेतृत्व में पहुंचे परिवारों ने आवंटित मकानों की स्थिति सही नहीं होने और वहां बिजली एवं पानी के कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने की समस्या उठाई।
परिवारों की शिकायतों पर आयुक्त मेहरा ने केडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित मकानों में जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल काम करवाया जाए। इस पर केडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 22 आवासों की मरम्मत करवाई जा चुकी है। शेष आवंटियों के वहां पहुंचने के साथ ही उनके आवासों में भी मरम्मत का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
वहीं, बिजली और पानी की समस्या के समाधान के लिए केईडीएल और जलदाय विभाग के अधिकारियों ने सोमवार से बग्गीखाने में ही विशेष शिविर लगाने की बात कही। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित परिवारों को बिजली और पानी के कनेक्शन जारी किए जाएंगे, ताकि उन्हें नए आवासों में शिफ्ट होने में परेशानी नहीं हो।
बैठक के बाद आयुक्त मेहरा ने लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद भी सभी परिवारों को हर हाल में अगले 15 दिन में बग्गीखाना खाली करना होगा।
बैठक में अतिरिक्त आयुक्त भावना सिंह, उपायुक्त राजस्व धीरजकुमार सोनी, मुख्य अभियंता महेश चन्द गोयल, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। केडीए की ओर से आवासों की मरम्मत और बिजली-पानी कनेक्शन के लिए विशेष शिविरों की व्यवस्था के साथ बग्गीखाने के 53 परिवारों के पुनर्वास को पूरा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
