कोटा में बधाई राशि के नाम पर आमजन से होने वाली मनमानी और अनुचित दबाव को समाप्त करने के लिए सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ द्वारा चलाए जा रहे अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल और महामंत्री राजाराम जैन के संयोजन में शुरू की गई इस जनहितकारी मुहिम के समर्थन में शहर की प्रमुख सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संस्थाएं खुलकर सामने आ चुकी हैं।

महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि 12 मई 2026 को नदी पार क्षेत्र में किन्नर प्रमुख इंदुबाई के आवास पर एक महत्वपूर्ण वार्ता आयोजित की गई थी। इस बैठक में क्षेत्रीय किन्नर प्रमुखों ताराबाई, ममता बाई, शेफाली, रीना खान एवं नैना देवी की सहमति से बधाई राशि की सीमा तय की गई थी। इसके तहत संपन्न वर्ग के लिए विवाह, जन्मोत्सव एवं गृह प्रवेश जैसे अवसरों पर 5,100 रुपये से अधिकतम 11,000 रुपये तथा सामान्य एवं मध्यम वर्ग के लिए 1,100 रुपये से अधिकतम 5,100 रुपये तक की सीमा निर्धारित की गई थी। बधाई मांगने का समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक तय किया गया था तथा भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन माध्यम को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी। साथ ही किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या अनैतिक दबाव को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया गया था।

महासंघ के अनुसार इस निर्णय को ब्रह्म मूर्ति मोजी बाबा लोक कल्याण ट्रस्ट की महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज, कुलम शक्ति पीठ की पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर माताजी नीति अंबा, विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं सचिव अशोक माहेश्वरी, औद्योगिक संगठन एसएसआई के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, निवर्तमान महापौर कोटा दक्षिण राजीव भारती, द कोटा डिवीजन इंप्लाइज एसोसिएशन, अखिल राजस्थान गुजराती समाज के अध्यक्ष जी.डी. पटेल, अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह चौहान, राजस्थान ओबीसी विकास मंच के अध्यक्ष रामकुमार मेहता, राष्ट्रीय करणी सेना कोटा संभाग के अध्यक्ष महिपाल सिंह हाड़ा, राजस्थान पुजारी सेवक महासंघ, श्री मैथिली ब्राह्मण समाज संस्था कोटा, शॉपिंग सेंटर व्यापार संघ, शॉपिंग सेंटर विकास समिति, अग्रवाल हितकारी समिति रेलवे कॉलोनी, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्री संघ, पतंजलि योग समिति, आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग, इंदिरा कॉलोनी विकास समिति, श्री जी नगर समाज पंचायत सोसाइटी कोटा, मानव सेवा समिति, मातेश्वरी समाज सेवा संस्थान, अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति सहित अनेक धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं शिक्षक संस्थाओं का समर्थन प्राप्त हो चुका है।

महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन 'कर्मयोगी रावण सरकार' ने बताया कि पूर्व सहमति के बावजूद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आम नागरिकों के उत्पीड़न की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। महासंघ के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 98293-28525 पर नागरिकों द्वारा साक्ष्य सहित अनेक शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, जिनमें जबरदस्ती बधाई राशि वसूले जाने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि महासंघ का स्पष्ट मानना है कि भय या दबाव में दी गई बधाई सामाजिक व्यवस्था और कानून के विरुद्ध है। इसलिए किन्नर समाज सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखे, अन्यथा प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि महासंघ के विधि सलाहकार के माध्यम से कोटा शहर के सभी किन्नर समूहों को सूचना पत्र जारी किया जाएगा। इसमें यह जानकारी मांगी जाएगी कि किस किन्नर प्रमुख का क्षेत्राधिकार किन-किन क्षेत्रों में है, उनके साथ कितने किन्नर कार्यरत हैं, संबंधित क्षेत्राधिकार किस किन्नर प्रमुख के माध्यम से और कब निर्धारित किया गया। साथ ही किसी भी परिवार में जाने वाले किन्नर समूह को अपने समूह के प्रमुख के साथ स्वयं का फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। महासंघ का कहना है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से नकली किन्नरों की भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। ऐसे में कौन असली है और कौन नकली, इसकी जानकारी एवं पहचान सुनिश्चित करने सहित अन्य सभी बिंदुओं पर किन्नर समूह के साथ बैठक कर विचार-विमर्श के बाद निष्कर्ष निकाला जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story