कोटा। तलवंडी स्थित आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में व्याप्त घोर अव्यवस्थाओं के चलते गुरुवार को अचानक विधायक संदीप शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर फीडबैक लिया, जिसमें अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आईं। निरीक्षण में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि सुबह की पारी में चिकित्सालय का समय 8 से 10 बजे का निर्धारित होने के बावजूद कई चिकित्सक अनुपस्थित थे। साथ ही, पंचकर्म चिकित्सा सुविधा के विस्तार हेतु आवंटित 20 लाख रुपये की राशि का भी अब तक उपयोग नहीं किया गया था।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए विधायक संदीप शर्मा ने मौके से ही राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं आयुर्वेद मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को दूरभाष पर पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए चिंता जताई और तत्काल हस्तक्षेप कर चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विधायक शर्मा ने स्पष्ट किया कि आयुर्वेद सनातन संस्कृति का वरदान है और वर्तमान में भारत सहित विश्व भर में इस पद्धति के प्रति सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार प्रदेश में आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्यरत है। आयुर्वेद में नए अनुसंधान से रोगों का उपचार और आमजन को आरोग्य प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है, अतः चिकित्सा संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक ने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु सरकार को भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी ली और प्रमुख शासन सचिव से कोटा के लंबित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोटा में आयुर्वेद चिकित्सा के नए आयाम स्थापित करने के लिए वे जल्द ही जयपुर जाकर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की विभिन्न उपचार प्रक्रियाओं को समझा और स्वयं शिरोधारा का अनुभव भी लिया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद बिना किसी दुष्प्रभाव वाला प्राकृतिक उपचार है, जो न केवल रोगों के निदान में कारगर है, बल्कि उचित आहार-विहार के माध्यम से व्यक्ति को दीर्घकाल तक स्वस्थ रखने में भी सक्षम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story