हरा-भरा कोटा–स्वच्छ कोटा, हरियालो राजस्थान और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को आंवली वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां और राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन” तथा “वन एवं वन्य जीव संरक्षण अभियान” के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आंवली के स्काउट गाइड और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री के ओएसडी सतीश गुप्ता रहे। अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट एवं गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा रामचरण मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सतीश गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्काउट गाइड द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि रामचरण मीणा ने कहा कि विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने से बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की देखभाल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रकाश जायसवाल ने कहा कि शिक्षा सहकारी सभा और स्काउट गाइड के संयुक्त प्रयासों से वन एवं वन्य जीव संरक्षण अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि पौधों के वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश देता है।

इस अवसर पर शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर और मंत्री जमुनालाल गुर्जर ने भी संबोधित किया। उन्होंने पौधारोपण को जनअभियान बनाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन सूरजभान शर्मा ने किया। शिक्षा सहकारी डायरेक्टर दिनेश कुमार मीणा और रवि प्रकाश गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट गाइड और शिक्षा सहकारी सभा की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आंवली के प्रधानाध्यापक महावीर पंकज सहित सूरजभान शर्मा, कमलेश कोडप और अर्चना सोनी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालयी गतिविधियों में उनके योगदान की सराहना की।

पौधारोपण कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने आम, आंवला, सहजन, जामुन और कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली। इस दौरान बच्चों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा और स्काउट गाइड से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक, स्काउट गाइड तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, वन्य जीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के महत्व का संदेश दिया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story