लोकसभा अध्यक्ष ओम कृष्ण बिरला के “हरा-भरा कोटा–स्वच्छ कोटा” आह्वान तथा राज्य सरकार के “हरियालो राजस्थान” एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को गति देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन अभियान के तहत बुधवार को आंवली वन क्षेत्र में 59 पौधे लगाए गए। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल मुख्य अतिथि रहे।

सरोजनी नायडू ओपन गाइड कंपनी की गाइड कैप्टेन योगिता महावर ने बताया कि कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव, लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप एवं सरोजनी नायडू ओपन गाइड कंपनी के स्काउट-गाइड्स वन क्षेत्र में पहुंचे और उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वन क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के 59 पौधे लगाए गए। पौधरोपण के साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल एवं सार-संभाल की जिम्मेदारी भी स्काउट-गाइड्स ने ली।

विशिष्ट अतिथि लीडर ट्रेनर देवी सिंह राजपुरोहित ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्काउट-गाइड्स द्वारा लगाए गए पौधों की समय-समय पर निगरानी की जाएगी, ताकि वे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।

सीओ स्काउट बृजसुंदर मीणा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत पौधरोपण का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रातः 9 बजे स्काउट गाइड मंडल प्रशिक्षण केंद्र आलनिया में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्काउट-गाइड्स, प्रशिक्षणार्थी एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधरोपण करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना है। स्काउट-गाइड संगठन द्वारा पौधरोपण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

प्रकाश जायसवाल ने कहा कि हरियाली बढ़ाना केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्काउट-गाइड्स से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। अभियान के तहत पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जा रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story