कोटा में 29 नवंबर को सजेगी गिर्राज धरण की भव्य झांकी, आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था मनाएगी 30वां अन्नकूट महोत्सव
कोटा में 29 नवंबर को आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था का 30वां अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। आईएल मंदिर में गिर्राज धरण की भव्य झांकी, 36 प्रकार के भोग, 30 दंपत्तियों की महाआरती, भजन संध्या और प्रतिभा सम्मान समारोह होंगे।

कोटा। आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था की ओर से 30वां वार्षिक अन्नकूट महोत्सव 29 नवंबर को शाम 5 बजे से आईएल मंदिर, इन्द्र विहार में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में भगवान गिर्राज धरण की भव्य झांकी सजाई जाएगी। आयोजन को लेकर संस्था की ओर से तैयारियां की जा रही हैं और समाजजनों में उत्साह का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक हुकुम मंगल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान गिर्राज धरण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। भगवान को 36 प्रकार की विभिन्न स्वादिष्ट तरकारियों और ताजे फलों का विशेष अन्नकूट भोग अर्पित किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष घनश्याम गोयल और महामंत्री विष्णु गोयल ने बताया कि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 30 दंपत्तियों की ओर से की जाने वाली सामूहिक महाआरती होगी। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र-छात्राएं धार्मिक एवं राष्ट्रीय भजनों पर नृत्य प्रस्तुतियां देंगे।
मुख्य संयोजक राजेन्द्र जैन, आरसी गुप्ता तथा सहसंयोजक राजेन्द्र जैन ने बताया कि समारोह में समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आईएएस, आरएएस, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा समाज के भामाशाहों, वरिष्ठजनों और मेधावी छात्र-छात्राओं का भी सम्मान होगा।
कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में अग्रवाल समाज के सभी 18 घटकों की सहभागिता रहेगी। अधिक से अधिक समाजजनों तक निमंत्रण पहुंचाने के लिए पूरे शहर को 26 भागों में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल देकर ससम्मान आमंत्रित किया गया है।
इस बार अन्नकूट महोत्सव का आयोजन 'स्वदेशी अपनाओ-विदेशी भगाओ', 'पेड़ लगाओ-मानव बचाओ', 'संस्कारित रहो-संस्कारवान बनो' तथा 'सनातन धर्म में आस्था रखो' जैसी प्रेरणादायी थीम पर आधारित रहेगा।
महोत्सव के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं के संचालन के लिए संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संयोजक के रूप में हुकुम मंगल, राजेन्द्र जैन (एस.आर.) और आर.सी. गुप्ता, अध्यक्ष घनश्याम गोयल, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल तथा महामंत्री विष्णु गोयल व्यवस्थाओं का प्रमुख रूप से संचालन कर रहे हैं।
इसके अलावा सहसंयोजक राजेन्द्र जैन (खजूरी), संगठन मंत्री गोपाल जैन और उपाध्यक्ष पद पर राजेन्द्र अग्रवाल (डीसीएम), सुरेन्द्र मोहन, अनिल गुप्ता (आर्किटेक्ट), दिनेश अग्रवाल, पुरुषोत्तम, शंकर गोयल, गौरव एवं मुकेश को जिम्मेदारियां दी गई हैं। युवा अध्यक्ष राहुल गुप्ता और हर्षित के साथ सदस्य सौरभ शर्मा, तरसेम गर्ग, संजय अग्रवाल (सीरसरी), मुकेश अग्रवाल (एल.आई.सी.), डी.पी. और सत्यनारायण अग्रवाल भी आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
30वें वार्षिक अन्नकूट महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक महाआरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और समाज की प्रतिभाओं के सम्मान के साथ अग्रवाल समाज के सभी 18 घटकों की सहभागिता रहेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
