कोटा में अनन्त चतुर्दशी शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक संदीप शर्मा ने शनिवार को नए कोटा क्षेत्र में शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने अनन्त चतुर्दशी आयोजन समिति के पदाधिकारियों, नगर निगम कोटा दक्षिण, कोटा विकास प्राधिकरण एवं केईडीएल के अधिकारियों के साथ मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक संदीप शर्मा ने सड़क, नाली, प्रकाश और यातायात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अनन्त चतुर्दशी शोभायात्रा धार्मिक निष्ठा और परम्परा का प्रतीक है। शोभायात्रा को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में झांकियों तथा श्रद्धालुओं के इसमें सम्मिलित होने की सम्भावना है। ऐसे में यात्रामार्ग का सुगम, सुरक्षित और निरापद होना अत्यंत आवश्यक है।

विधायक ने बरसात के कारण मार्ग में हुए गड्ढ़ों को भरवाने तथा कचरा हटाकर मार्ग को स्वच्छ करने के निर्देश दिए। उन्होंने शोभायात्रा के पीछे एक अलग सफाई टीम तैनात करने की भी हिदायत दी, ताकि शोभायात्रा के साथ-साथ सफाई सुनिश्चित हो सके।

वहीं, केईडीएल अधिकारियों को झूलती हुई विद्युत लाईनों को ठीक करवाने तथा विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शोभायात्रा सुरक्षित रूप से निकाली जा सके।

संदीप शर्मा ने कहा कि भीतरिया कुण्ड में बड़ी संख्या में गणपति विसर्जन होता है। इसे देखते हुए उन्होंने निगम को पर्याप्त संख्या में नावों और गोताखोरों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी दुर्घटना को समय रहते ही टाला जा सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम उपायुक्त भावना सिंह, केडीए उप सचिव शिक्षा पवन, मुख्य अभियंता महेश गोयल, आयोजन समिति के अध्यक्ष विपिन जोशी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कीर्तिकान्त गोयल, मण्डल अध्यक्ष दीनू बंजारा, पार्षद लोकेश गुप्ता, पूर्व पार्षद जसवंत डेनी, पूर्व पार्षद सोनू धाकड़, रमेश राठौर, विनोद मराठा, नवीन खत्री, विष्णु मराठा, अरूण बाली, ब्रजमोहन गौड़ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शोभायात्रा मार्ग पर सड़क, स्वच्छता, विद्युत, यातायात और विसर्जन स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए निर्देशों के साथ आयोजन से पहले प्रशासनिक तैयारियों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story