कोटा अनंत चतुर्दशी में पहली बार शामिल होंगे 50 विदेशी पर्यटक, तैयारी शुरू
पर्यटन विभाग और समिति संयुक्त रूप से एनआरआई मेहमानों के लिए पास, ठहरने और कोटा रिवर फ्रंट भ्रमण की विशेष व्यवस्था कर रहे हैं।

कोटा की अनंत चतुर्दशी इस बार देश के साथ विदेशी मेहमानों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। श्री अनंत चतुर्दशी आयोजन समिति और पर्यटन विभाग पहली बार करीब 50 एनआरआई एवं विदेशी पर्यटकों को अनंत चतुर्दशी आयोजन में आमंत्रित करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए दोनों की ओर से संयुक्त रूप से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पर्यटकों को आयोजन दिखाने के साथ कोटा की सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से भी रूबरू कराया जाएगा।
श्री अनंत चतुर्दशी आयोजन समिति के प्रभारी सुमेर सिंह और रोनक आनंद ने पर्यटन विभाग के उपनिदेशक संदीप श्रीवास्तव के साथ बैठक कर विदेशी मेहमानों की सहभागिता को लेकर तैयारियों पर चर्चा की। एनआरआई एवं विदेशी पर्यटकों को आमंत्रित करने के लिए महात्मा गांधी स्कूल एवं महारानी स्कूल में आमंत्रण पत्र तैयार किए गए हैं। इनका वितरण मंगलवार से शुरू किया जाएगा।
समिति के अनुसार अभी तक प्राप्त जानकारी के आधार पर करीब 50 एनआरआई एवं विदेशी पर्यटकों के पहली बार कोटा आकर अनंत चतुर्दशी आयोजन देखने की संभावना है। उनके आगमन, ठहरने, आवागमन और आयोजन देखने से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की जा रही है।
विदेशी पर्यटकों के लिए अनंत चतुर्दशी आयोजन देखने का समय शाम 7 से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। दिन के समय उन्हें कोटा रिवर फ्रंट सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाने की योजना है। इससे पर्यटक कोटा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को करीब से जान सकेंगे।
आयोजन समिति के सह प्रभारी रोनक आनंद ने कहा कि एनआरआई और विदेशी पर्यटकों को अनंत चतुर्दशी जैसे पारंपरिक आयोजन से जोड़ना कोटा के पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे आयोजन की पहचान देश-विदेश तक पहुंचाने के साथ स्थानीय पर्यटन व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। समिति और पर्यटन विभाग पर्यटकों के स्वागत, आवागमन, ठहरने और आयोजन देखने की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
कार्यक्रम के लिए पर्यटन विभाग के उपनिदेशक संदीप श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। एनआरआई एवं विदेशी पर्यटक आयोजन में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क कर आवश्यक पास प्राप्त कर सकेंगे। पास पर्यटन विभाग के कार्यालय से उपलब्ध करवाए जाएंगे। पर्यटन चीफ कॉर्डिनेटर पवन दिलावर एवं को-कॉर्डिनेटर युधिष्ठिर खटाना भी व्यवस्थाओं में समन्वय करेंगे।
समिति का उद्देश्य अनंत चतुर्दशी के पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ कोटा को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास करना है।
बैठक में आयोजन समिति के सह प्रभारी राजू सुमन, सत्नारायण श्रीवास्तव, संदीप भाटिया, बाबू, सतीश स्वामी, रामचरण लोधा, प्रवण मेहता, योगेश रेनवाल एवं सियाराम नागर, सुनील पोकरा, जितेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
