एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के इन्द्रविहार स्थित समर्थ सद्भाव सभागार में शनिवार को स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) द्वारा महत्वपूर्ण डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेशन्स का आयोजन किया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्यों को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों पर केंद्रित इस विशेष प्रशिक्षण सत्र में एसडीआरएफ की टीम कमांडर एकता सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और आकस्मिक आपदाओं से सुरक्षा के गुर सिखाए।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान टीम कमांडर एकता सिंह ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने, आधुनिक बचाव कार्यों की तकनीक अपनाने, पुख्ता सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा आपदा के समय हर स्तर पर सतर्कता बरतने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम ने प्राकृतिक एवं अन्य मानव-जनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और प्राथमिक सुरक्षा प्रक्रियाओं (फर्स्ट-एड्स) की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी प्रदान की।

एसडीआरएफ की टीम कमांडर एकता सिंह ने इस आयोजन के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस ट्रेनिंग का एकमात्र लक्ष्य स्टाफ सदस्यों को आपदा प्रबंधन के प्रति पूरी तरह जागरूक बनाना है, ताकि किसी भी अप्रिय या आपात स्थिति में संस्थान का स्टाफ त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के लिए हमेशा मुस्तैद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, व्यावहारिक एवं वर्तमान समय में बेहद आवश्यक बताया।

इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में कैंपस प्रिंसिपल उमेश शर्मा व माणक मेहता ने एसडीआरएफ की टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सत्र में एलन के विभिन्न बिल्डिंग प्रिंसिपल्स के साथ-साथ फैकल्टीज व अन्य स्टाफ के सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे। यह आयोजन शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने और संकट के समय त्वरित तालमेल बिठाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story