कोटा: अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब ने धूमधाम से मनाया गणगौर और हिंदू नववर्ष उत्सव
मेनाल रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में ईसर-पार्वती पूजन, घूमर नृत्य और नौ दुर्गा स्वरूप की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कोटा के मेनाल रिसोर्ट में आयोजित गणगौर महोत्सव के दौरान ईसर-पार्वती के रूप में सजे अंकित गोयल एवं दीपा गोयल और पारंपरिक वेशभूषा में उत्सव मनातीं अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब की महिलाएं।
कोटा, 23 मार्च। अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब द्वारा मेनाल रिसोर्ट में गणगौर महोत्सव एवं हिंदू नव वर्ष उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे पूरा वातावरण सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया।
महाराजा अग्रसेन पूजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
संस्था के अध्यक्ष आशु गुप्ता एवं चेयरपर्सन लता गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात लक्षिता बंसल द्वारा राम स्तुति की सुंदर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम मेंटर शैलेश एवं रितु गुप्ता ने जानकारी दी कि अंकित गोयल एवं दीपा गोयल ईसर-पार्वती के रूप में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
ईसर-पार्वती पूजन और पारंपरिक घूमर नृत्य
महिलाओं ने "ईसर पूजे पार्वती, गोर-गोर गणपति.." जैसे पारंपरिक गीत गाते हुए धूमधाम से गणगौर का बिंदोला निकाला तथा घूमर नृत्य किया गया। संरक्षिका सुनीता गोयल, किरण अग्रवाल एवं किरण गोयल ने बताया कि "गणगौर लोक संस्कृति का प्रतीक पर्व है, जिसमें महिलाएं अपने पति की दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। यह पर्व रंग-बिरंगी परंपराओं और संस्कारों का अद्भुत संगम है।"
नौ दुर्गा स्वरूप और नववर्ष का उल्लास
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी एवं सुधा अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. पलकेश अग्रवाल थे। कार्यक्रम निदेशक मुकुट एवं अभिलाषा गोयल, जगदीश एवं दीपमाला जिंदल एवं रविंद्र सुचिता अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर नवरात्रि एवं हिंदू नववर्ष का भी उत्सव मनाया गया। गुंजन गुप्ता द्वारा तैयार किए गए नृत्य पर महिलाओं ने नौ दुर्गा के रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिता के परिणाम
मंच का संचालन धर्मेंद्र अग्रवाल द्वारा किया गया। महिला सचिव सीमा मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में मनोरंजक एंट्री गेम्स व बैलून गेम भी आयोजित किए गए। जिसमें शैलेंद्र मंगल, स्वाति मंगल तथा धर्मेंद्र अग्रवाल, हेमलता अग्रवाल विजेता रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
