कोटा जंक्शन के रोटेदा रोड स्थित गुरु धाम कॉलोनी में पर्यावरण संरक्षण और जलीय जीवों की सुरक्षा का अनूठा संदेश दिया जा रहा है। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में यहां संत स्वरूप ‘श्री चंदन गणेश’ की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। 240 किलोग्राम शुद्ध मिट्टी से निर्मित 7 फीट ऊंची प्रतिमा पर 15 किलोग्राम औषधीय चंदन पाउडर का लेप किया गया है, जिससे पंडाल सहित आसपास का वातावरण चंदन की सुगंध से महक उठा है।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि जलीय जीवों और पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष विशेष नवाचार किया गया है। प्रतिमा का निर्माण 240 किलोग्राम शुद्ध मिट्टी से किया गया है। भगवान श्री गणेश का श्रृंगार केसर, कुमकुम, हल्दी और चूने जैसे प्राकृतिक रंगों के साथ 1200 रुद्राक्ष की मालाओं से किया गया है। आयोजकों के अनुसार, विसर्जन के समय मिट्टी और चंदन जल में प्रवाहित होंगे तथा चंदन घुला जल नदियों और तालाबों के जलीय जीवों के लिए स्वास्थ्यवर्धक और राहतकारी साबित होगा।

कोटा जिला अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित 12 दिवसीय गणेश महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। सोमवार को आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत कथक नृत्यांगना नेहा पांचाल की गणेश वंदना और भक्तिपूर्ण नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद एके अकादमी ग्रुप के कलाकारों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं।

राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 22 सितम्बर को श्री रघुराज सिंह कर्मयोगी के कुशल संचालन में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसी दिन ग्यारस के पावन अवसर पर विशाल खाटू श्याम भजन संध्या और जागरण का आयोजन किया जाएगा।

23 सितम्बर को स्थानीय प्रख्यात कलाकारों द्वारा सुमधुर भजन गायन प्रस्तुत किया जाएगा। 24 सितम्बर को पंडित प्रदीप जोशी एवं वैभव जोशी समूह द्वारा भव्य महाआरती संपन्न होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को विशाल लड्डू-बाटी-चूरमा का महाभोग वितरित किया जाएगा।

महोत्सव का समापन 25 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर होगा। सुबह 11 बजे भगवान श्री चंदन गणेश की प्रतिमा मुख्य शोभायात्रा में शामिल होगी। इस आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रतिमा निर्माण और विसर्जन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा जलीय जीवों की सुरक्षा का संदेश भी प्रमुखता से सामने आ रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story