कोटा के 163 खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने किया सम्मानित
खेल संवाद कार्यक्रम में खिलाड़ियों से सीधे बात कर अनुभव जाने गए, साथ ही सर्वाधिक प्रतिभागियों वाले तीन स्कूलों के संस्था प्रधान भी सम्मानित हुए।

कोटा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के 163 विद्यार्थी खिलाड़ियों को खेल संवाद में सम्मानित किया गया
कोटा। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कोटा शहर का गौरव बढ़ाने वाले 163 विद्यार्थी खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित खेल संवाद कार्यक्रम में मंत्री ने खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनकी खेल उपलब्धियों, अनुभवों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम की थीम ‘खेल जीवन का आधार, जीवन उन्नति का स्तंभ’ रही।
कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटा शहर एवं शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ जीवन में सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेष अधिकारी सतीश गुप्ता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनिल पोरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक रामचरण मीना, जिला शिक्षा अधिकारी बारां, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कोटा रूपेश, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटा शहर नवीन कुमारी, शिक्षा सहकारी 696 कोटा-बारां के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद सूरज करण तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद संयुक्त निदेशक कार्यालय शिवराज चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं पर्यावरण मित्र शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश शर्मा ने बताया कि राजस्थान में अपनी तरह के इस प्रथम खेल संवाद कार्यक्रम में सम्मानित होकर विद्यार्थी खिलाड़ियों ने गौरव और उत्साह महसूस किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर लौटे खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री के साथ सीधे संवाद करने और अपने खेल अनुभव साझा करने का अवसर मिला। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार रहा।
इस दौरान कोटा शहर के उन तीन विद्यालयों के संस्था प्रधानों को भी सम्मानित किया गया, जिनके सर्वाधिक विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया। इसमें महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मल्टीपरपज गुमानपुरा ने सर्वाधिक विद्यार्थी संख्या के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आरएसी कॉलोनी दूसरे और महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बड़ी महारानी तीसरे स्थान पर रहा।
आयोजन में शिक्षा सहकारी 696 कोटा-बारां की विशेष भूमिका रही। संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि शिक्षा सहकारी सभा शिक्षा, विद्यार्थी कल्याण, खेल एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से संस्था ने कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। शिक्षा मंत्री के साथ सीधे संवाद और सम्मान के इस आयोजन को कोटा शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
