कोटा, 22 नवंबर। राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आरटीयू), कोटा के एनसीसी आर्मी विंग ने एनसीसी सप्ताह के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. बीएल वर्मा, कुलगुरु, वर्धमान खुला विश्वविद्यालय, कोटा ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भाव, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा मानवता की भावना को सशक्त करना था। शिविर में एनसीसी कैडेट्स, विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कुल 112 यूनिट रक्तदान किया गया।

एनसीसी ऑफिसर डॉ. शांति लाल मीणा के निर्देशन में संचालित इस शिविर में मुख्य अतिथि प्रो. बीएल वर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण जागरूकता को भी बढ़ावा दिया। कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी, डीन फैकल्टी अफेयर्स प्रो. दिनेश बिड़ला और 14 राजस्थान बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल संजय सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रो. बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेट्स और विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने एनसीसी कैडेट्स और छात्रों की उत्साही भागीदारी की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में सेवा भाव, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल संजय सिंह ने अपने संबोधन में एनसीसी के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी नागरिक तैयार करने का माध्यम भी है।

इस प्रकार, राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी में आयोजित यह रक्तदान शिविर केवल जीवनदान देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भाव और राष्ट्र प्रेम को भी उजागर करने वाला एक प्रेरणादायक आयोजन साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story