किन्नर बधाई राशि पर अग्रवाल समाज का फैसला, कोटा में हेल्पलाइन जारी
कोटा में सर्वहिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ और अग्रवाल समाज ने किन्नरों की बधाई राशि तय की, अभद्रता रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर और गाइडलाइन जारी की।

कोटा संभाग में मांगलिक अवसरों पर किन्नर समाज को दी जाने वाली बधाई राशि को तर्कसंगत बनाने और अभद्र व्यवहार को रोकने के लिए सर्वहिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ द्वारा बैठक कर नई नियमावली और हेल्पलाइन जारी की गई।
मांगलिक अवसरों पर किन्नर समाज को दी जाने वाली बधाई राशि को तर्कसंगत बनाने के सर्वहिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के निर्णय को अग्रवाल समाज ने पूर्ण समर्थन प्रदान किया है। इस फैसले को समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अग्रवाल समाज और महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप कोटा संभाग ने इसकी सराहना की है।
महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल और संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी के नेतृत्व में गठित प्रतिनिधि मंडल के अनुसार, अब मांगलिक अवसरों पर संपन्न वर्ग द्वारा 5100 रुपये से 11000 रुपये तक तथा सामान्य एवं मध्यम वर्ग द्वारा 1100 रुपये से 5100 रुपये तक की बधाई राशि निर्धारित की गई है। साथ ही किन्नर समाज के घरों पर आने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक तय किया गया है।
अग्रवाल समाज ने स्पष्ट किया है कि मांगलिक अवसरों पर बधाई मांगना किन्नरों का पारंपरिक अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती अथवा अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई किन्नर समूह नियमों का उल्लंघन करता है तो आमजन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए महासंघ द्वारा हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 98293 28525 जारी किया गया है।
इसके अतिरिक्त चेयरमैन परमानंद गर्ग ने समाजजनों से अपील की है कि वे घर आने वाले किन्नर समूह से पहचान पत्र देखकर ही भुगतान करें। किसी प्रकार की अभद्रता होने पर उसका दो मिनट का वीडियो रिकॉर्ड कर शिकायत के साथ भेजने की अपील की गई है, ताकि महासंघ के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह निर्णय सामाजिक अनुशासन और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
