कत्थक नृत्य की थाप केवल कला और संस्कृति की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि मानसिक तनाव कम करने और शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम भी बन सकती है। व्यायाम, प्राणायाम, ध्यान और भावों के समन्वय से युक्त कत्थक नृत्य एकाग्रता बढ़ाने, मन को शांत रखने और शारीरिक लचीलेपन में सुधार करने में सहायक है। यह बात अंतरराष्ट्रीय कलाकार एवं कत्थक गुरु बरखा जोशी ने तलवंडी स्थित राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कही।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद, मानसिक तनाव प्रबंधन और शारीरिक व्यायाम विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कत्थक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हृदयांशी माहेश्वरी एवं शिविषा व्यास की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद भाविका खंडेलवाल और मायरा शर्मा ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, युविष्का शर्मा एवं शिविषा व्यास की भाव नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा ने कहा कि कत्थक नृत्य शारीरिक व्यायाम के साथ मानसिक आरोग्यता और शांति प्रदान करने में भी सहायक है। वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में यह मन को स्थिर रखने और तनाव प्रबंधन का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद शरीर, मन और आत्मा तीनों के स्वास्थ्य पर जोर देता है। कत्थक भी इन तीनों के बीच संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके साथ ही यह सनातन संस्कृति, कथा, भक्ति और संस्कारों को जीवंत बनाए रखने वाली महत्वपूर्ण नृत्य विधा है।

इससे पूर्व आयोजित प्रातःकालीन व्याख्यानमाला में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजलि मीणा ने स्त्री रोग विषय पर तथा डॉ. सोनम बोयल ने बाल रोग विषय पर व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम के दौरान कत्थक गुरु बरखा जोशी एवं उनकी शिष्याओं का प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा, डॉ. ऋतुरा शर्मा और डॉ. सुधींद्र श्रृंगी ने उपरना, श्रीफल एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मान किया।

कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा ने किया। आयोजन सचिव डॉ. ऋतुरा शर्मा ने कार्यक्रम का संयोजन किया, जबकि अंत में डॉ. बृजराज मालव ने आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन में कत्थक नृत्य के माध्यम से कला, आयुर्वेद और स्वास्थ्य के आपसी संबंधों को रेखांकित करते हुए मानसिक तनाव प्रबंधन और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story