कोटा में प्रेरणा जायसवाल के नेतृत्व में निकली प्रथम विशाल कांवड़ यात्रा, शिवालय में जलाभिषेक
कोटा में प्रेरणा जायसवाल के नेतृत्व में प्रथम विशाल कांवड़ यात्रा निकली। शिवालय में जलाभिषेक के साथ यात्रा का विधिवत समापन हुआ।

तस्वीर में प्रेरणा जायसवाल और अन्य कांवड़ यात्री महावीर नगर विस्तार योजना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान नजर आ रहे हैं।
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय की पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रेरणा जायसवाल के नेतृत्व में टीम प्रेरणा जायसवाल की ओर से बुधवार को प्रथम विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर एवं क्षेत्रवासी यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धा और उत्साह के बीच निकली यात्रा का समापन भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ हुआ।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर-2 स्थित अखंड वीर व्यायामशाला के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ यात्रियों ने भगवान शिव का जयघोष करते हुए यात्रा शुरू की। डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच कांवड़िये नाचते-गाते और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
यात्रा केशवपुरा होते हुए शिव शक्ति धर्मशाला के पीछे स्थित बावड़ी वाले बाबा के स्थान पर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद कांवड़ यात्रा पुनः रवाना हुई और केशवपुरा सेक्टर-7, महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर-1 एवं सेक्टर-2 होते हुए वापस ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर कांवड़ यात्रियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसी के साथ प्रथम विशाल कांवड़ यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया गया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बोल बम और भगवान शिव के जयघोष गूंजते रहे।
यात्रा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा, नयागांव, सरोजनी नायडू ओपन गाइड कंपनी, लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप एवं मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम के स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर ने सेवाएं दीं। उन्होंने यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रेरणा जायसवाल ने कांवड़ यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रथम कांवड़ यात्रा को मिले उत्साह और सहभागिता से वे अभिभूत हैं। उन्होंने अगले वर्ष इससे भी भव्य एवं विशाल कांवड़ यात्रा आयोजित करने की मंशा जताई।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष कांवड़ यात्रा को और व्यापक स्वरूप देकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं एवं युवाओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा के सफल आयोजन में स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
