जे.के. लोन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में लगातार प्रसूताओं की हो रही मौतों को लेकर शहर में आक्रोश गहराता जा रहा है। बीती रात एक और प्रसूता की मौत के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए। इसके विरोध में सोमवार सुबह शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम मृतक के परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं।

धरने के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस प्रशासन द्वारा राखी गौतम को धरना स्थल से जबरन हटाने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस और राखी गौतम के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका स्थानीय कांग्रेसजनों और पीड़ित परिजनों ने भी विरोध किया। घटना के बाद क्षेत्र में माहौल और अधिक गरमा गया।

रात में सूचना मिलते ही राखी गौतम अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशु को गोद में लेकर दुलार भी किया। परिजनों की पीड़ा और प्रशासनिक लापरवाही को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही धरना प्रारंभ कर दिया।

राखी गौतम ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अब और मौतें नहीं सहेंगे, पीड़ितों को उनका न्याय और हक मुआवजा दिलाकर ही रहेंगे।”

इस आंदोलन के दौरान उन्होंने सरकार और प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की है ताकि मौतों के वास्तविक कारण सामने आ सकें। दूसरी मांग दोषी डॉक्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की है। तीसरी मांग के तहत जिला कलेक्टर द्वारा मृतक परिवारों को 50 लाख रुपये एवं पीड़ित परिवारों को 20 लाख रुपये मुआवजे का ठोस और प्रमाणित आश्वासन देने की बात कही गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

धरने में कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुराग गौतम, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा सहित NSUI के कार्यकर्ता, स्थानीय लोग एवं महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल रहे। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, न ही धरना स्थल पर आकर किसी प्रकार का आश्वासन दिया गया है।

महासचिव डॉ. विजय सोनी के अनुसार धरना लगातार जारी रहेगा और दिनभर कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों का आवागमन बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि आंदोलन और अधिक तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

संपादकीय प्रेषणार्थ

भवदीय

महासचिव डॉ. विजय सोनी

दैनिक……

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story