महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जीतो लेडीज विंग, कोटा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी "उड़ान – हर सपने को मिले अपना आसमान" के आधिकारिक पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। यह आयोजन न केवल महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने का अवसर देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और व्यापारिक नेटवर्किंग का सशक्त मंच भी प्रदान करेगा।

पोस्टर का विमोचन रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जीतो लेडीज विंग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करने वाला बताया।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर रितु जैन अजमेरा और उषा बाफना ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी 3 और 4 जुलाई 2026 को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से 150 से अधिक महिला उद्यमी भाग लेंगी, जो अपने नवाचारपूर्ण उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना, व्यापारिक अवसरों का विस्तार करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में जीतो लेडीज विंग लंबे समय से कार्य कर रही है।

मंजु लुंकड़ ने कहा कि “उड़ान” केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उन महिलाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम है जो अपने हुनर और उद्यम को नई पहचान दिलाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि कोटा की महिलाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करें और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ें।

जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में छह राज्यों की महिला उद्यमी भाग लेंगी। आयोजन स्थल पर हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी, होम डेकोर, ऑर्गेनिक उत्पाद, फूड और फैशन से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्राप्त आय का उपयोग जरूरतमंद एवं नवोदित महिला उद्यमियों को सहयोग प्रदान करने के लिए किया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सक्षम हो सकें।

पोस्टर विमोचन समारोह में जेके जैन, विकास जैन अजमेरा, आर.के. जैन, चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रितु जैन अजमेरा, उषा बाफना, उषा बागरेचा, वीना जैन, मीना जैन, रेणु जैन, नैना जैन सहित जीतो लेडीज विंग की कार्यकारिणी सदस्याएं उपस्थित रहीं।

महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की भावना को केंद्र में रखकर आयोजित होने जा रही यह प्रदर्शनी कोटा को राष्ट्रीय स्तर पर महिला उद्यमियों के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम साबित हो सकती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story