झालावाड़: बाट-माप विभाग का औचक निरीक्षण, रेस्टोरेंट-डीलरों को नोटिस
उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और पारदर्शिता के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने झालावाड़ के रेस्टोरेंट और तोल कांटा डीलरों पर कार्रवाई की।

झालावाड़ में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और बाट-माप में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विधिक माप विज्ञान अधिकारी दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में 26 और 27 अक्टूबर को जिले में बाट-माप डीलरों और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पर सुधार नोटिस जारी किए गए।
विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 और विधिक माप विज्ञान पैकेजिंग और कमोडिटीज नियम, 2011 के तहत यह विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के कड़े दिशा-निर्देशों और स्पष्ट आदेशों की अनुपालना में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य पैकेजिंग डिक्लेरेशन, उत्पादों के वजन और माप-तौल उपकरणों की जांच के माध्यम से उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान झालावाड़ जिले के प्रमुख बाट-माप डीलरों और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। इनमें भवानीमंडी स्थित अवधेश तोल कांटा और लक्की तोल कांटा, पचपहाड़ स्थित रिद्धि सिद्धि तोल कांटा, इकलेरा स्थित चौधरी रेस्टोरेंट, रायपुर स्थित देव रेस्टोरेंट और भगवती रेस्टोरेंट शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान भवानीमंडी स्थित लक्की तोल कांटा का डीलर रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। वहीं, देव रेस्टोरेंट, भगवती रेस्टोरेंट और चौधरी रेस्टोरेंट को डिब्बाबंद उत्पादों पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित नहीं होने के कारण इंप्रूवमेंट नोटिस दिए गए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं के हितों और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री सुमित गोदारा के मार्गदर्शन में जिले में इस तरह की औचक निरीक्षण कार्रवाई आगे भी निरंतर और सख्ती से जारी रहेगी।
विभाग का उद्देश्य तौल में गड़बड़ी करने वालों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ पैकेजिंग उत्पादों के वजन और आवश्यक जानकारी के संबंध में उपभोक्ताओं को पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। जिले में जारी यह अभियान बाट-माप संबंधी नियमों के पालन और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की निरंतरता को दर्शाता है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
