कोटा। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा 'जेईई-मेन 2026' के चौथे दिन कोटा सहित देश भर के केंद्रों पर भविष्य के इंजीनियरों की असली परीक्षा हुई। शनिवार सुबह की पारी का समापन होते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, जहां वैचारिक स्पष्टता रखने वाले छात्रों के चेहरों पर चमक थी, वहीं औसत तैयारी वालों के लिए समय प्रबंधन एक बड़ी चुनौती साबित हुआ। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के प्रसीडेंट विनोद कुमावत ने परीक्षा का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए बताया कि शनिवार की पहली पारी का पेपर न केवल मध्यम स्तर का था, बल्कि अपनी 'लेन्दी' प्रकृति और वैचारिक गहराई (कॉन्सेप्ट्स) के लिए भी चर्चा में रहा। श्री कुमावत के अनुसार, इस बार का पेपर उन विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा जिनकी बुनियादी अवधारणाओं पर पकड़ मजबूत है, क्योंकि अधिकांश प्रश्न सीधे फॉर्मूले के बजाय सिद्धांतों की गहरी समझ पर आधारित थे।

रसायन विज्ञान यानी केमिस्ट्री के खंड ने इस बार अपनी परंपरागत शैली से इतर विद्यार्थियों को थोड़ा चौंकाया। विनोद कुमावत के विश्लेषण के अनुसार, इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री में जहां एनसीईआरटी के वाक्यों पर आधारित 'स्टेटमेंट टाइप' सवालों की भरमार रही, वहीं ऑर्गेनिक केमिस्ट्री पूरी तरह से वैचारिक रही। फिजिकल केमिस्ट्री ने अपनी गणनाओं के माध्यम से छात्रों का काफी समय खर्च कराया, क्योंकि इसमें जटिल और लंबी कैलकुलेशन वाले प्रश्न पूछे गए थे। सिलेबस के लिहाज से देखें तो 11वीं कक्षा से 34 प्रतिशत और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम से 56 प्रतिशत सवाल पूछे गए, जिसमें फिजिकल और ऑर्गेनिक केमिस्ट्री का दबदबा अधिक रहा।

भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के खंड में इस बार कुछ ऐसे सवाल भी देखने को मिले जिनका स्तर 'जेईई एडवांस' की श्रेणी को छू रहा था। विनोद कुमावत ने जानकारी दी कि फिजिक्स का पेपर मध्यम स्तर का होने के साथ-साथ काफी कैलकुलेटिव भी रहा। विषयवार वितरण में इलेक्ट्रोडायनेमिक्स और मैकेनिक्स से लगभग पांच-पांच प्रश्न पूछे गए, जबकि ज्योमेट्री ऑप्टिक्स और हीट एंड थर्मोडायनेमिक्स से तीन-तीन प्रश्नों ने छात्रों की तर्कशक्ति की परीक्षा ली। गणित (मैथ्स) का हिस्सा हमेशा की तरह लंबा और समय लेने वाला रहा। बीजगणित (एलजेब्रा) से नौ और कैलकुलस से आठ प्रश्न पूछे गए, जिन्होंने विद्यार्थियों को अंत तक उलझाए रखा। इसके अलावा कोऑर्डिनेट ज्योमेट्री, वेक्टर 3D और ट्रिग्नोमेट्री के प्रश्नों ने पेपर को संतुलित लेकिन चुनौतीपूर्ण बनाया। कुल मिलाकर, जेईई मेन का यह चरण यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि केवल रटने की प्रवृत्ति से इस परीक्षा को भेदना अब मुमकिन नहीं है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story