जेईई-मेन सेशन-2 के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल फिर खुला, 13 मार्च तक आवेदन का मौका
एनटीए ने उन अभ्यर्थियों के लिए आवेदन खिड़की दोबारा खोली है जो तकनीकी कारणों या शुल्क भुगतान न कर पाने से चूक गए थे, 12 और 13 मार्च को पोर्टल खुला रहेगा।

कोटा में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के एक्सपर्ट ने एनटीए द्वारा जेईई-मेन सेशन-2 के लिए 12 और 13 मार्च 2026 तक पुनः आवेदन पोर्टल खोलने की जानकारी दी।
कोटा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जेईई-मेन 2026 के सेशन-2 अप्रैल के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल को पुनः शुरू किया गया है। यह अवसर विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए दिया गया है जो पहले किसी कारणवश अपना आवेदन पत्र जमा नहीं कर पाए थे या आवेदन शुल्क का भुगतान पूरा नहीं कर सके थे।
आवेदन की समय-सीमा और परीक्षा कार्यक्रम
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि "एनटीए के नोटिफिकेशन के अनुसार सीबीटी मोड पर जेईई-मेन सेशन-2 की परीक्षा 2 से 9 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।" इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहले 1 से 25 फरवरी 2026 तक चली थी। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन में कुछ विवरणों में संशोधन के लिए 27 और 28 फरवरी 2026 को करेक्शन विंडो का अवसर भी दिया गया था।
छात्रों की मांग पर एनटीए का विशेष निर्णय
आवेदन प्रक्रिया बंद होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा ई-मेल व विभिन्न माध्यमों से रजिस्ट्रेशन पुनः शुरू करने के लिए अनुरोध किया गया था। स्टूडेंट्स की इन मांग को देखते हुए एनटीए ने एक विशेष अवसर प्रदान करते हुए 12 मार्च (दोपहर) से 13 मार्च रात 9:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को फिर से खोलने का निर्णय लिया है। वहीं आवेदन शुल्क का भुगतान 13 मार्च 2026 रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा।
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और सावधानी
आहूजा ने बताया कि "एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन भरते समय सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज करें।" चूंकि यह विशेष रूप से बढ़ाई गई अवधि है, इसलिए रजिस्ट्रेशन के बाद किसी भी प्रकार के करेक्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल उन उम्मीदवारों के लिए है जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे या शुल्क जमा नहीं कर सके थे। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है और वे अपने आवेदन में कोई बदलाव भी नहीं कर सकेंगे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
