कोटा: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन सेशन-1 के लिए इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में छात्र रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 27 नवम्बर तक 14 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। पिछले वर्ष 13.11 लाख छात्रों के आवेदन के मुकाबले इस बार एक लाख से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।

एलन करियर इंस्टिट्यूट के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पिछले छह वर्षों में आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती रही है। वर्ष 2021 में 6,52,628, 2022 में 8,72,970, 2023 में 8,60,064, 2024 में 12,21,624 और 2025 में 13,11,544 छात्र सेशन-1 के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके थे। आहूजा के अनुसार, अप्रेल परीक्षा में दो लाख से अधिक नए छात्र शामिल होंगे, जिससे 2026 में सेशन-1 और सेशन-2 मिलाकर कुल यूनीक उम्मीदवारों की संख्या 16 लाख से अधिक होने का अनुमान है। इसका असर राष्ट्रीय तकनीकी संस्थानों जैसे एनआईटी और ट्रिपलआईटी में प्रवेश की प्रतिस्पर्धा पर पड़ेगा।

एनटीए ने उन छात्रों के लिए करेक्शन विंडो का भी ऐलान किया है, जिन्होंने आवेदन प्रक्रिया में कोई त्रुटि की है। यह सुधार प्रक्रिया 1 और 2 दिसम्बर के बीच होगी और इसे छात्रों के लिए पहला तथा अंतिम अवसर माना गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इंजीनियरिंग शिक्षा में बढ़ती रुचि के पीछे देश-दुनिया में तकनीकी रोजगार के अवसरों में वृद्धि, संस्थानों में सीटों की संख्या में इजाफा और तकनीकी शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना मुख्य कारण हैं। वर्तमान में देश में आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई की कुल सीटें लगभग 58 हजार हैं, जबकि निजी इंजीनियरिंग कॉलेज और विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर युवा अपने करियर की दिशा तय कर रहे हैं।

इसके अलावा, सरकारी स्तर पर स्किल डेवलपमेंट अभियान और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का सृजन भी युवाओं को तकनीकी शिक्षा की ओर आकर्षित कर रहा है। इन पहलों के चलते छात्र इंजीनियरिंग शिक्षा को न केवल उच्च शिक्षा बल्कि भविष्य के कौशल और रोजगार के अवसर के रूप में देख रहे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story