JEE Main 2027: 7 लाख से अधिक आवेदन, 26% अभ्यर्थियों ने फीस नहीं भरी, 22 नवंबर अंतिम तिथि
रजिस्ट्रेशन के बाद 1.80 लाख स्टूडेंट्स ने नहीं भरी फीस। एनटीए के नए बदलावों और आधार-पासपोर्ट नियमों के कारण छात्र कर रहे हैं दोबारा आवेदन।

कोटा के एक स्कूल परिसर में खड़े लोग जेईई मेन 2027 के रजिस्ट्रेशन और फीस के आंकड़ों के संदर्भ में नजर आ रहे हैं।
जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है। 12 नवंबर दोपहर 12 बजे तक 6.70 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया, लेकिन इनमें से केवल 4.90 लाख ने ही आवेदन शुल्क जमा किया है। करीब 26 प्रतिशत यानी 1.80 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन के बाद फीस जमा नहीं करवाई। पहले सेशन के लिए अब तक 7 लाख से अधिक आवेदन हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जेईई-मेन 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स आवेदन कर रहे हैं। एनटीए भी अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा करने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है।
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करने के बाद परीक्षा शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं। इसके पीछे कई कारण सामने आए हैं। इस वर्ष एनटीए ने पहली बार आवेदन प्रक्रिया में कई बदलाव किए हैं, जिनका असर रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों पर दिखाई दे रहा है।
एनटीए ने पहली बार स्टूडेंट्स को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद भी आवेदन में गलती होने पर नया आवेदन करने का अवसर दिया है। ऐसे में संभव है कि बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने आवेदन के दौरान नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, माध्यम और कैटेगरी से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भरने में गलती की हो। ऐसे अभ्यर्थी आवेदन शुल्क जमा करने के बजाय दोबारा रजिस्ट्रेशन करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा लाइव फोटो का मिलान नहीं होने के कारण भी कई स्टूडेंट्स पुनः आवेदन कर रहे हैं।
कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें स्टूडेंट्स ने आधार कार्ड में बाद में फोटो और नाम अपडेट करवाया, लेकिन आवेदन पुराने आधार कार्ड से कर दिया। ऐसे अभ्यर्थी भी दोबारा रजिस्ट्रेशन करते नजर आ रहे हैं।
इन सभी कारणों से कुल रजिस्ट्रेशन और आवेदन शुल्क जमा कर प्रक्रिया पूरी करने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है। जबकि आवेदन के दौरान हुई कई गलतियों को करेक्शन विंडो के माध्यम से ठीक करने का अवसर मिलता है। ऐसे में एनटीए को करेक्शन विंडो के दौरान किए जा सकने वाले विवरणों में संशोधन से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर स्टूडेंट्स को इसकी जानकारी देनी चाहिए, ताकि आवेदन में हुई त्रुटियों के कारण उन्हें नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना पड़े।
स्टूडेंट्स को भी सलाह दी गई है कि यदि आवेदन में उनसे ऐसी कोई गलती हुई है, जिसे करेक्शन विंडो के दौरान सुधारा जा सकता है, तो वे अनावश्यक रूप से नया आवेदन करने से बचें।
एनआरआई स्टूडेंट्स को जेईई-मेन 2027 के लिए आवेदन करने में आ रही पहचान पत्र संबंधी परेशानी को देखते हुए एनटीए ने पासपोर्ट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। जेईई-मेन में हर साल बड़ी संख्या में एनआरआई और ओसीआई स्टूडेंट्स परीक्षा देते हैं। पहले इन अभ्यर्थियों को आधार, पैन और ड्राइविंग लाइसेंस के माध्यम से डिजिलॉकर पर आवेदन करने का विकल्प दिया गया था। प्रवासी परिवारों के कई स्टूडेंट्स के पास आमतौर पर इनमें से कोई भी पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होता है।
ऐसे में स्टूडेंट्स की मांग पर एनटीए ने पासपोर्ट के जरिए आवेदन करने की सुविधा दे दी है। इसके लिए अलग से वेब लिंक भी जारी किया गया है। जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन के लिए 22 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए आवेदन विवरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया समय रहते पूरी करना महत्वपूर्ण है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
