कोटा। देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन के आंकड़े 13.50 लाख के पार पहुंच गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही रजिस्ट्रेशन की रफ्तार तेज हो गई है। अंतिम दिनों में प्रतिदिन 1 लाख से अधिक स्टूडेंट्स आवेदन कर रहे हैं। हालांकि, रजिस्ट्रेशन के बाद परीक्षा शुल्क जमा नहीं कराने वाले करीब 2.10 लाख स्टूडेंट्स के आवेदन स्वतः निरस्त हो जाएंगे।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से स्टूडेंट्स को लगातार नोटिफिकेशन जारी कर समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है। एनटीए के अनुसार, 21 नवंबर दोपहर 12 बजे तक 13 लाख 29 हजार से अधिक स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन कर चुके थे। इनमें से 11 लाख 19 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने परीक्षा शुल्क जमा करवाया है। इस तरह करीब 16 प्रतिशत यानी 2.10 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन के बावजूद फीस जमा नहीं करवाई है। जनवरी सेशन के लिए कुल आवेदन 13.50 लाख से अधिक हो चुके हैं।

जेईई-मेन 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित की गई है। स्टूडेंट्स 500 रुपये विलंब परीक्षा शुल्क के साथ 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पहली बार बड़ी संख्या में ऐसे स्टूडेंट्स सामने आए हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो कर लिया, लेकिन परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया। ऐसे करीब 2.10 लाख आवेदन हैं, जो फीस जमा नहीं होने के कारण स्वतः ही कैंसिल हो जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन के बाद फीस जमा नहीं कराने के पीछे कई कारण सामने आए हैं। इस वर्ष एनटीए ने आवेदन प्रक्रिया में पहली बार कई बदलाव किए हैं। इनमें एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद भी आवेदन में गलती होने पर स्टूडेंट्स को दोबारा नया आवेदन करने का अवसर दिया गया है।

इसके चलते बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, माध्यम और कैटेगरी से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी में गलती होने पर पुराना आवेदन शुल्क जमा करने के बजाय दोबारा रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। लाइव फोटो मिसमैच होने के कारण भी नए आवेदन किए जा रहे हैं।

कई ऐसे स्टूडेंट्स भी सामने आए हैं, जिन्होंने आधार कार्ड में बाद में फोटो या नाम अपडेट करवाया और पुराने आधार कार्ड के आधार पर आवेदन कर दिया। ऐसे स्टूडेंट्स भी दोबारा आवेदन करते दिखाई दे रहे हैं। इन सभी कारणों से कुल रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है।

अमित आहूजा ने बताया कि आवेदन के दौरान हुई कई गलतियों को सुधारने के लिए स्टूडेंट्स को करेक्शन विंडो में भी अवसर दिया जाता है। ऐसे में यदि आवेदन में हुई गलती को करेक्शन विंडो के माध्यम से सुधारा जा सकता है तो स्टूडेंट्स को अनावश्यक रूप से नया आवेदन करने से बचना चाहिए।

जेईई-मेन 2027 की करेक्शन विंडो 27 से 29 नवंबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। ऐसे में स्टूडेंट्स के लिए निर्धारित समयसीमा में आवेदन शुल्क जमा कर प्रक्रिया पूरी करना और आवश्यक सुधार के लिए करेक्शन विंडो का उपयोग करना महत्वपूर्ण होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story