नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित जेईई-मेन 2026 के परिणामों और ऑल इंडिया रैंक में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया है। एलन के क्लासरूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। परिणामों की घोषणा के उपरांत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सीईओ नितिन कुकरेजा ने जानकारी दी कि शीर्ष 10 में संस्थान के 4 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है, जिनमें कबीर छिल्लर रैंक-1, अर्णव गौतम रैंक-5, शुभम कुमार रैंक-6 और ऋषि प्रेमनाथ रैंक-8 पर रहे। इसके अतिरिक्त टॉप-20 में 9 और टॉप-100 में एलन क्लासरूम के कुल 39 स्टूडेंट्स ने सफलता अर्जित की है। एलन ने अपनी प्रामाणिकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परिणामों का ऑडिट देश की प्रतिष्ठित फर्म ई-वाई इंडिया से वैलिडेट करवाया है। आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में आईआईटी में प्रवेश पाने वाला प्रत्येक चौथा छात्र एलन से रहा है। इस वर्ष की परीक्षा में रिकॉर्ड 15 लाख 38 हजार 468 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 26 छात्रों ने 100 पर्सेन्टाइल प्राप्त किए।

आल इंडिया रैंक-1 प्राप्त करने वाले कबीर छिल्लर मूलतः गुरुग्राम निवासी हैं और उनके पिता मोहित छिल्लर एक आईआईटीयन हैं। कबीर ने जेईई मेन के प्रथम सत्र में ही 300 में से 300 का परफेक्ट स्कोर हासिल कर लिया था, जिसके कारण वे दूसरे सत्र में सम्मिलित नहीं हुए। कबीर अपनी सफलता का श्रेय फैकल्टी के मार्गदर्शन और सटीक रणनीतिक सेल्फ-एनालिसिस को देते हैं। वे भविष्य में आईआईटी मुंबई से बीटेक के उपरांत एमआईटी, अमेरिका से उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। वहीं 5वीं रैंक प्राप्त करने वाले कोटा के स्थानीय निवासी अर्णव गौतम पिछले छह वर्षों से एलन में अध्ययनरत हैं। उन्होंने एशियन फिजिक्स ओलंपियाड 2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा पहले ही मनवा लिया था। अर्णव का मानना है कि जेईई जैसे कठिन लक्ष्य के लिए संदेहों का तत्काल समाधान और निरंतर फोकस अनिवार्य है।

बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने 300 में से 295 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-6 हासिल की। शुभम प्रतिदिन 6 से 8 घंटे की एकाग्र सेल्फ-स्टडी और क्लास नोट्स के नियमित रिवीजन को अपनी सफलता का आधार मानते हैं। वे आईआईटी मुंबई की कंप्यूटर साइंस ब्रांच को अपना लक्ष्य बनाकर अब जेईई एडवांस्ड 2026 की तैयारी में जुट गए हैं। हैदराबाद के ऋषि प्रेमनाथ ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अप्रैल सत्र में 295 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-8 पर कब्जा किया। ऋषि ने जनवरी सत्र के स्कोर में सुधार करते हुए मॉक टेस्ट और केमिस्ट्री लैब मैनुअल के गहन अध्ययन पर जोर दिया। एलन हैंडबुक और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के अभ्यास ने उनकी एक्यूरेसी और टाइम मैनेजमेंट को निखारा। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट का यह ऐतिहासिक परिणाम न केवल कोटा की कोचिंग परंपरा को सुदृढ़ करता है, बल्कि इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा और मानक स्थापित करता है।


Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story