कोटा। जेईई-मेन (बीई-बीटेक) 2026 के परिणामों में मोशन एजुकेशन के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता दर्ज कराते हुए अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की है। 66.73 प्रतिशत विद्यार्थियों के जेईई-एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई करने के साथ संस्थान ने राष्ट्रीय औसत 16.26 प्रतिशत की तुलना में 4.10 गुना बेहतर प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार शाम मोशन के द्रोणा-2 कैम्पस में उत्साहपूर्ण जश्न मनाया गया।

मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय के अनुसार, वर्ष 2026 में संस्थान के 10,124 विद्यार्थियों ने जेईई मेन परीक्षा दी, जिनमें से 6,756 का चयन जेईई एडवांस्ड के लिए हुआ। परिणामों में टॉप 100 में 4 और टॉप 2000 में 71 विद्यार्थी मोशन के शामिल रहे। टॉप 100 में हर्ष बाजपेयी ने ऑल इंडिया रैंक 44, सुशांत अग्रवाल ने 57, लक्षित सिनसिनवार ने 73 और दिव्य यादव ने 79वीं रैंक हासिल की। इसके अतिरिक्त ध्रुव बोर्डिंग स्कूल के विद्यार्थी रक्षक सरय्याम ने एसटी केटेगिरी में ऑल इंडिया 13वीं रैंक प्राप्त की। नितिन विजय ने इस सफलता को विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम बताया।

परिणाम घोषित होने के बाद द्रोणा-2 कैम्पस में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। जॉइंट डायरेक्टर एवं जेईई डिवीजन के हेड रामरतन द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव तथा अन्य सीनियर फैकल्टी ने चयनित विद्यार्थियों और टॉपर्स का अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में यह सफलता विद्यार्थियों और फैकल्टी की निरंतर मेहनत का परिणाम है।

टॉपर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित प्रैक्टिस, टॉपिक-वाइज शॉर्ट नोट्स और लगातार रिवीजन उनकी सफलता के मुख्य आधार रहे। उनका कहना था कि अंतिम एक-दो महीने की पढ़ाई से जेईई जैसी परीक्षा में सफलता संभव नहीं है। यह एक लंबी प्रक्रिया है जिसमें अनुशासन और निरंतरता अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कोटा का प्रतिस्पर्धी माहौल और व्यवस्थित शैक्षणिक प्रणाली छात्रों में लक्ष्य के प्रति समर्पण और सही मानसिकता विकसित करती है। अनुभवी और सहयोगी फैकल्टी इस प्रक्रिया को दिशा देती है, जबकि अंतिम सफलता छात्र की प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।

जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा 17 मई 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा दो पारियों में कंप्यूटर आधारित मोड में होगी। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। इस परीक्षा के माध्यम से 23 आईआईटी की 18,000 से अधिक सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के बाद 21 मई को रिस्पॉन्स शीट जारी होगी, जबकि 25 मई को प्रोविजनल आंसर-की प्रकाशित की जाएगी। 25 और 26 मई को शाम 5 बजे तक आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। अंतिम आंसर-की और परिणाम 1 जून को जारी किए जाएंगे। जेईई मेन के जनवरी और अप्रैल सत्रों से चयनित लगभग 2.50 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। भारतीय छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 23 अप्रैल से प्रारंभ होगा।

परिणाम के बाद करियर निर्णय को लेकर नितिन विजय ने छात्रों को सावधानीपूर्वक कदम उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केवल ऑल इंडिया रैंक देखकर उत्साहित या निराश होने के बजाय उसे सही परिप्रेक्ष्य में समझना आवश्यक है। जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई करने वाले छात्र बिना समय गंवाए अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित करें, क्योंकि आगामी समय निर्णायक है। जिन छात्रों का स्कोर अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उनके लिए भी अवसर सीमित नहीं हैं। एनआईटी, ट्रिपल आईटी, जीएफटीआई, राज्य इंजीनियरिंग कॉलेज और निजी विश्वविद्यालय भी उत्कृष्ट विकल्प प्रदान करते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल कॉलेज का नाम नहीं, बल्कि ब्रांच का चयन अधिक महत्वपूर्ण है। कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्र आकर्षक हैं, परंतु चयन रुचि और क्षमता के आधार पर होना चाहिए। काउंसलिंग प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए जोसा सहित अन्य काउंसलिंग में सही चॉइस फिलिंग करना आवश्यक है। छात्रों को पिछले वर्षों के कटऑफ, सीट मैट्रिक्स और अपनी रैंक के आधार पर ड्रीम, रियलिस्टिक और सेफ विकल्पों की संतुलित सूची तैयार करनी चाहिए।

अंततः उन्होंने मानसिक संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यह परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं है। अनेक उदाहरण हैं जहां औसत रैंक वाले छात्रों ने आगे चलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। रैंक केवल एक संख्या है, जबकि वास्तविक अंतर सही निर्णय और निरंतर मेहनत से बनता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story