जेसीआई कोटा अचीवर्स ने मदर्स डे पर पक्षियों के लिए लगाए 20 परिंडे
कोटा में 'एक परिंडा मां के नाम' अभियान के तहत विभिन्न पार्कों और आवासीय क्षेत्रों में पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था की गई।

कोटा के श्रीनाथपुरम क्षेत्र में मदर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित 'एक परिंडा मां के नाम' अभियान के दौरान पक्षियों के लिए परिंडा बांधते जेसीआई कोटा अचीवर्स के सदस्य और उनकी माताएं।
मदर्स डे के अवसर पर जेसीआई कोटा अचीवर्स ने मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण को समर्पित “एक परिंडा माँ के नाम” अभियान चलाकर सामाजिक संवेदनशीलता का प्रेरणादायक संदेश दिया। अभियान के तहत संस्था सदस्यों ने अपनी माताओं के हाथों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पक्षियों के लिए परिंडे लगवाए तथा उनमें पानी भरकर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया।
संस्था अध्यक्ष अक्षत जैन ने बताया कि श्रीनाथपुरम, गुलाबबाड़ी, तलवंडी, महावीर नगर विस्तार और दादाबाड़ी सहित विभिन्न पार्कों एवं आवासीय क्षेत्रों में कुल 20 परिंडे लगाए गए। अभियान के दौरान सदस्यों को नियमित रूप से दाना-पानी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके।
अक्षत जैन ने कहा कि जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उनके जीवन को सुव्यवस्थित बनाती है, उसी प्रकार प्रकृति भी मानव जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और गर्मी के इस मौसम में प्यासे पक्षियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था करना प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है।
मदर्स डे पर आयोजित यह अभियान केवल माताओं के सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी देता नजर आया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए परिंडे लोगों को प्रकृति और जीवों के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
