आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पं. जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार, 27 मई को स्टेशन रोड स्थित नेहरू गार्डन में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस जनों ने नेहरू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा पुण्यतिथि को हरित क्रांति दिवस के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने अपने संदेश में कहा कि देश की आजादी के बाद पं. जवाहर लाल नेहरू जी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में बागडोर संभाली और बड़े-बड़े नहरों एवं बांधों का निर्माण कर गांवों को शहरों से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने हरित क्रांति लाकर देश को नई दिशा दी तथा पंचशील योजना के माध्यम से नव भारत के निर्माण की नींव रखी। उन्होंने आगे कहा कि नेहरू जी ने देश-विदेश में शांति का संदेश दिया और आजादी के बाद देश के नव निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए नए आयाम स्थापित किए।

राखी गौतम ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान तानाशाह मोदी व भाजपा की सरकारें महापुरुषों का नाम इतिहास के पन्नों से हटाने, देश को तोड़ने और कमजोर करने का षड्यंत्र रच रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्म की राजनीति कर संविधान और न्यायपालिका की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इनके मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को मेहनत से बनाया है, जबकि सांप्रदायिक ताकतें देश को बिगाड़ने और भेदभाव की राजनीति करने का कार्य कर रही हैं, जिसे देश की जनता देख रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलने की सलाह दी।

गोष्ठी का संचालन कांग्रेस महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन ब्लॉक अध्यक्ष जयेश श्रृंगी द्वारा प्रस्तुत किया गया। डॉ. विजय सोनी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में पूर्व पार्षद एडवोकेट सतीश शर्मा, एड. मोहन परिडवाल, एड. राजेश शर्मा, एड. राम दयाल शर्मा, अरुण सोनी, एड. सत्यनारायण राजोरा, मनोहर माखीजा, करण जैन, शोयब अली, मोहम्मद इब्राहीम सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन नेहरू जी के विचारों एवं उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए किया गया, जिसमें उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story