जनार्दन मिश्रा के बयान पर विवाद, किसान महासभा ने की माफी की मांग
बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए माफी की मांग की है।

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान पर किसान संगठनों ने रोष जताया है।
कोटा। भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए कथित अपमानजनक बयान पर किसान संगठनों में नाराजगी सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश के करोड़ों मेहनतकश अन्नदाताओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को 'नशेड़ी, निकम्मा और जुआरी' बताना बेहद शर्मनाक है और इससे भाजपा की किसान विरोधी सोच उजागर होती है।
मनोज दुबे ने कहा कि भाजपा किसानों से कितनी नफरत करती है, इसका प्रमाण मध्य प्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान है। सांसद ने कहा था कि “किसान साल भर में मात्र 3 महीने से ज्यादा काम नहीं करता, बाकी 9 महीने ताश, गुटखा, (बोतल) शराब और चोंगी (गांजा) पीता है।” दुबे ने इस टिप्पणी को अन्नदाता किसानों के प्रति अपमानजनक बताते हुए कहा कि खेती को ताश, गुटखा और शराब से जोड़कर किसानों की मेहनत का उपहास उड़ाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान का जितना अपमान भाजपा ने किया है, उतना किसी दूसरे ने नहीं किया। भाजपा सांसद के इस बयान से देश के करोड़ों मेहनतकश किसानों की तपस्या का मजाक उड़ाया गया है। खेती कोई 90 दिन का काम नहीं, बल्कि पूरे 365 दिन का कठिन संघर्ष है। कड़ाके की ठंड में रात के समय खेतों में पानी लगाना, 45 डिग्री की चिलचिलाती धूप में पसीना बहाना और मूसलाधार बारिश के दौरान खेतों में मेहनत करना आसान काम नहीं है।
मनोज दुबे ने कहा कि किसान साल के 3 महीने नहीं, बल्कि 12 महीने मौसम की मार, महंगाई, कर्ज और अनिश्चितता से जूझता है। खेतों में खड़ी फसल के पीछे किसान की दिन-रात की मेहनत और पूरे परिवार का संघर्ष होता है। जिन किसानों की मेहनत से देश का अन्न भंडार भरता है और जिनके पसीने से लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचता है, उन्हीं के परिश्रम का उपहास उड़ाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के नेता आखिर कब तक देश के अन्नदाताओं का अपमान करते रहेंगे।
दुबे ने कहा कि देश के किसान सूखा, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि जैसी परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद लोगों की थाली तक अन्न पहुंचाते हैं। दिन-रात मिट्टी से सोना उगाने के लिए संघर्ष करने वाले किसानों को आलसी और नशेड़ी के रूप में पेश करना सत्ता के अहंकार का प्रमाण है। उन्होंने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा से अपने संवेदनहीन बयान के लिए देश के किसानों से माफी मांगने की मांग की। साथ ही भाजपा से गैर जिम्मेदार सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई।
मनोज दुबे ने भाजपा पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, उनका कर्ज माफ करने तथा पर्याप्त मात्रा में खाद, उन्नत बीज, पानी और बिजली उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब किसान विरोधी बयान देकर किसानों के जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है। इस बयान से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
