जेएसजी संवाद: कोटा में गूंजा सेवा और संगठन विस्तार का संकल्प, युवाओं को नेतृत्व सौंपने पर जोर
कोटा में आयोजित जेएसजी संवाद कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने युवाओं को भविष्य का नेतृत्व बनाने का आह्वान किया। फेडरेशन के विस्तार, रक्तदान महाअभियान और विभिन्न सेवा प्रकल्पों पर मंथन के साथ ही कोटा संभाग में संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

कोटा में आयोजित 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलित करते फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य।
कोटा। जैन सोश्यल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन, नॉर्दन रीजन जोन-6 के तत्वावधान में आयोजित "संवाद" कार्यक्रम में सेवा, संस्कार और संगठन का अद्भुत संगम देखने को मिला। फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह की उपस्थिति में कोटा संभाग के विभिन्न जैन सोश्यल ग्रुपों ने अपने सेवा कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की और भविष्य की रणनीति पर मंथन किया। इस कार्यक्रम में जैन सोश्यल ग्रुप कोटा, मैत्री, चंबल सिटी, बूंदी, आगम, संगिनी फोरम कोटा तथा संगिनी फोरम चंबल सिटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जोन कॉर्डिनेटर सुरेश जी जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि उपस्थित ग्रुपों के अध्यक्षों ने रक्तदान शिविर, वस्त्र वितरण, राजकीय विद्यालयों में सेवा कार्य और गौ सेवा जैसे जन-कल्याणकारी प्रकल्पों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने फेडरेशन के प्रतिनिधित्व को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 5 नए ग्रुपों के गठन का आह्वान किया। उन्होंने फेडरेशन की ओर से योग्य विद्यार्थियों को निःशुल्क एजुकेशन लोन उपलब्ध कराने और जेएसजी वेलफेयर फाउंडेशन के माध्यम से सदस्य की मृत्यु पर नॉमिनी को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की जानकारी साझा की। बिरेन के. शाह ने विशेष जोर देते हुए कहा कि युवाओं को केवल सदस्य नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्व बनाना होगा। उन्होंने युवाओं की रुचि के अनुसार प्रकल्प संचालित करने की सलाह दी और घोषणा की कि फेडरेशन के स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व, 16 अगस्त को देशभर में रक्तदान अभियान के तहत 50 हजार यूनिट रक्त एकत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक व फेडरेशन के पूर्व संयुक्त सचिव अनिल काला ने बताया कि जोन-6 में वर्तमान में 400 से अधिक दंपति सदस्य के रूप में जुड़े हैं। उन्होंने विगत 25 वर्षों से सक्रिय ग्रुपों के प्रतिभावान सदस्यों को फेडरेशन व रीजन स्तर पर उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी। पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती ने कोटा रीजन की मजबूत भागीदारी की सराहना करते हुए कोटा और बूंदी के बाद झालावाड़, रावतभाटा तथा बांरा में भी संगठन विस्तार का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अंजू कासलीवाल ने किया। इस दौरान नॉर्दन रीजन फेडरेशन के पूर्व वाइस चेयरमैन मनीष जैन ने संगठन और कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय पर प्रकाश डाला। मंच पर सुनील पहाड़िया, मोनिका जैन, रेणु लुहाड़िया और सुरेश जैन 'नगेदा' आसीन रहे। कार्यक्रम में प्रदीप टोंग्या, राजकुमार जैन, कपिल शाह, योगेश गंगवाल, मनोज जैन, रिंकल लोढ़ा, मंजू अजमेरा समेत कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। समापन पर मोनिका जैन ने आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
