समाजसेवा के साथ धर्म प्रभावना को प्राथमिकता दे जैन सोशल ग्रुप्स: आर्यिका स्वस्ती भूषण माताजी
कोटा में आर्यिका 105 श्री स्वस्ती भूषण माताजी ने जैन सोशल ग्रुप्स फेडरेशन को समाजसेवा के साथ धर्म प्रभावना, स्मार्ट परिवार कार्यशाला और राष्ट्रीय सम्मेलन पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

तस्वीर में आर्यिका 105 श्री स्वस्ती भूषण माताजी के साथ जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन के पदाधिकारी भेंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
परम पूज्य भारत गौरव गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्ती भूषण माताजी के सान्निध्य में जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन एवं नॉर्दर्न रीजन जोन-6 के पदाधिकारियों ने भेंट कर श्रीफल अर्पित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने किया।
पूर्व संयुक्त सचिव अनिल काला ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती, नॉर्दर्न रीजन के पदाधिकारी सुनील पहाड़िया, नॉर्दर्न रीजन के पूर्व वाइस चेयरमैन मनीष जैन, विनोद टोरडी, नरेश जैन वेद, मनोज जैसवाल, कपिल आगम, सुशील बिलाला सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आर्यिका 105 श्री स्वस्ती भूषण माताजी ने कहा कि जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन विश्वभर में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है, लेकिन वर्तमान समय की आवश्यकता है कि सेवा गतिविधियों के साथ आध्यात्म, भक्ति और धर्म प्रभावना को भी संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकल्प और कार्यक्रम संचालित किए जाएं, जिनसे समाज, विशेषकर नई पीढ़ी, जैन धर्म के सिद्धांतों, संस्कारों और जीवन मूल्यों से जुड़ सके तथा धर्ममार्ग पर अग्रसर हो।
आर्यिका श्री ने अपने मार्गदर्शन में संचालित ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ को फेडरेशन के प्रकल्पों में शामिल करने का सुझाव देते हुए कहा कि यह पहल परिवारों में संस्कार, संवाद, पारिवारिक मूल्यों और वैवाहिक जीवन को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन इस कार्यशाला के माध्यम से समाज में टूटते रिश्तों, पारिवारिक विघटन और वैवाहिक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए प्रभावी पहल कर सकता है। आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं भी ऐसे आयोजनों में उपस्थित होकर लोगों को प्रेरित करेंगी।
उन्होंने जैन समाज से जुड़े विभिन्न पेशेवर वर्गों, जिनमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तथा अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं, का एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का भी सुझाव दिया, ताकि समाज की बौद्धिक एवं व्यावसायिक क्षमता को सेवा और संगठनात्मक कार्यों से जोड़ा जा सके।
फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने आर्यिका श्री के सभी सुझावों को करबद्ध स्वीकार करते हुए कहा कि फेडरेशन के विश्वभर में 70 हजार दम्पिती सदस्य हैं, जिनके सहयोग से संगठन समाजसेवा के साथ आध्यात्मिक एवं संस्कार आधारित गतिविधियों को भी अपनी प्राथमिकता बनाएगा। उन्होंने ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ सहित विभिन्न प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा पेशेवर सम्मेलन आयोजित करने की दिशा में शीघ्र पहल करने का विश्वास दिलाया। इस मुलाकात में समाजसेवा के साथ धर्म जागरण, पारिवारिक संस्कारों के संवर्धन और संगठन की भावी कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
