अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), कोटा में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और समाज में इसके प्रति व्यापक जागरूकता का प्रसार करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव त्यागी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एलडीएम कोटा दिलीप कोर, मुख्य प्रबंधक आशुतोष, संजीव शर्मा एवं राहुल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक हनुमान प्रसाद बैरवा द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ।

इसके पश्चात योग सत्र का आयोजन योग गुरु चौथमल गौड़ एवं गिरिराज (आध्यात्मिक विज्ञान सत्संग केंद्र, कोटा) के निर्देशन में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। सत्र के दौरान योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

मुख्य अतिथि गौरव त्यागी ने अपने संबोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी व्यक्ति को सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर संस्थान के कर्मचारी, प्रशिक्षणार्थी एवं बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मुख्य प्रबंधक आशुतोष के संबोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए नियमित अभ्यास और इसके संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग अपनाने और संतुलित एवं स्वस्थ जीवन शैली के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story