योगा फ्रॉम हार्ट के योग शिविर में उमड़ा उत्साह, सैकड़ों साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
कोटा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगा फ्रॉम हार्ट के निशुल्क त्रिदिवसीय योग शिविर का भव्य समापन हुआ। सैकड़ों साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कोटा के स्वामी विवेकानंद स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय शिविर के समापन पर योगाभ्यास करते प्रशिक्षक मनीष जैन और अन्य साधक।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का एक प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला जब योगा फ्रॉम हार्ट द्वारा आयोजित निशुल्क त्रिदिवसीय योग शिविर का भव्य समापन स्वामी विवेकानंद स्कूल, महावीर नगर तृतीय में हुआ। शिविर के अंतिम दिन सैकड़ों साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योगा फ्रॉम हार्ट के योग गुरु मनीष जैन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस त्रिदिवसीय शिविर के समापन दिवस पर बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास से जुड़े। शिविर स्थल पर साधकों का उत्साह, उमंग और योग के प्रति समर्पण विशेष रूप से देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक जे.के. जैन ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार लगभग 55 मिनट तक विभिन्न योग क्रियाएं एवं आसनों का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षक मनीष जैन के निर्देशन में साधकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, मकरासन, भुजंगासन तथा शलभासन सहित अनेक महत्वपूर्ण योगासन किए। पूरे सत्र के दौरान प्रतिभागियों में योग के प्रति विशेष उत्सुकता और सकारात्मक ऊर्जा दिखाई दी तथा सभी ने एकाग्रचित होकर योगाभ्यास किया।
योगा फ्रॉम हार्ट की निदेशक मोनिका जैन ने बताया कि शिविर के समापन अवसर पर सभी साधकों को योग को नियमित जीवनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दक्षिण के पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी उपस्थित रहे, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा, कोटा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख कुमार अभिषेक श्रीवास्तव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन संजय जैन ने किया।
योग शिविर का शुभारंभ राष्ट्रभक्ति के प्रतीक ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के गायन के साथ किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह शिविर न केवल स्वास्थ्य और योग के महत्व को रेखांकित करने वाला रहा, बल्कि लोगों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में प्रेरित करने का भी प्रभावी माध्यम बना।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
