कोटा में इनरव्हील क्लब ऑफ कोटा नॉर्थ का शपथ ग्रहण समारोह एक निजी होटल में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया, जहां नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही नए सत्र के सेवा प्रकल्पों की शुरुआत की घोषणा की। समारोह में सेवा कार्यों को समाज में स्थायी बदलाव का माध्यम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम संयोजक सरिता भूटानी ने बताया कि निवर्तमान अध्यक्ष प्रमिला पारीक ने कॉलर एक्सचेंज की परंपरा निभाते हुए डॉ. विजेता गुप्ता को क्लब की अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. विजेता गुप्ता ने कहा कि क्लब ने नए सत्र के सेवा कार्यों का आगाज़ तेजस्विनी बालिका गृह की एक बालिका को आईआईटी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग शुल्क उपलब्ध कराकर किया है। इसके साथ ही तनु अग्रवाल को बीएससी की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि सूरजपोल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन भी स्थापित की जाएगी।

क्लब सचिव रजनी अरोरा ने बताया कि क्लब प्रत्येक माह एक जरूरतमंद मरीज का डायलिसिस करवाएगा। इसकी शुरुआत जुलाई माह में एक दिव्यांग महिला के उपचार से की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि टेलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी भेंट किया गया है। अगस्त माह में निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ किया जाएगा, जहां आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके अलावा तेजस्विनी बालिका गृह में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण एवं सिलाई प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। क्लब के हैप्पी स्कूल को और विकसित करने तथा बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना बनाई गई है।

समारोह की मुख्य अतिथि स्वाति गुप्ता ने कहा कि परियोजनाओं की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और समाज पर उनका प्रभाव अधिक महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि क्लब को कम लेकिन प्रभावी एवं स्थायी परिणाम देने वाले सेवा प्रकल्पों पर कार्य करना चाहिए।

सरिता भूटानी ने बताया कि इससे पूर्व निवर्तमान अध्यक्ष प्रमिला पारीक ने अपने कार्यकाल के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए लगभग 150 सेवा प्रकल्पों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

समारोह में साहित्यकार शशी सक्सेना का ट्रॉफी देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सीसी शशी झंवर, वाइस प्रेसिडेंट विद्या गर्ग, कार्यक्रम संयोजक सरिता भूटानी, गुरप्रीत आनंद, मंजू सहानी, संगीता विजय सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। नए सत्र के साथ क्लब ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से अपने सेवा अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story