सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ इनर व्हील क्लब कोटा का पदस्थापना एवं आभार समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कोटा सविता कृष्णिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष चारू जैन एवं पूर्व सचिव नीरजा कोहली ने कॉलर एक्सचेंज की परंपरा निभाते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नीता जैन एवं सचिव अर्चना गोयल को पदभार सौंपा। साथ ही 13 सदस्यीय नई कार्यकारिणी को पिन लगाकर औपचारिक रूप से दायित्व ग्रहण कराया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नीता जैन ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब का नया कार्यकाल पर्यावरण संरक्षण, महिला स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, ई-वेस्ट प्रबंधन, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान को समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण के माध्यम से समाज का विश्वास अर्जित करना है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सम्मान समाज के चेहरे पर मुस्कान लाने में है।

डॉ. नीता जैन ने बताया कि क्लब द्वारा सदस्य चारू जैन के सहयोग से एक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के लिए पूरे वर्ष रक्त उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली गई है। वहीं सदस्य पुष्पा गुप्ता के सहयोग से दो जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भेंट कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है। समारोह में समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं चिकित्सक सदस्यों का भी सम्मान किया गया।

उन्होंने बताया कि क्लब का "प्रोजेक्ट कुमारी से नारी" राजकीय विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से किशोरियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अजय आहुजा नगर में प्रौढ़ महिलाओं के लिए साक्षरता अभियान चलाकर उन्हें शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. नीता जैन ने बताया कि क्लब दृष्टिबाधित एवं कम दृष्टि वाले बच्चों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्मार्ट रीडिंग ग्लास उपलब्ध कराएगा। इन अत्याधुनिक उपकरणों में लगे कैमरे और एआई तकनीक की सहायता से पुस्तक, कॉपी अथवा ब्लैकबोर्ड पर लिखे पाठ को पहचानकर उसे तत्काल आवाज़ में परिवर्तित किया जा सकेगा, जिससे बच्चों की शिक्षा अधिक सहज और प्रभावी बन सकेगी।

क्लब सचिव अर्चना गोयल ने बताया कि समारोह में चार नए सदस्यों को क्लब की सदस्यता प्रदान की गई, जबकि दो पूर्व सदस्यों का पुनः स्वागत कर उन्हें संगठन से जोड़ा गया। इसके अलावा अन्नपूर्णा प्रोजेक्ट के तहत 'अपना घर' में निवासरत जरूरतमंदों के लिए 12 माह तक गेहूं उपलब्ध कराने हेतु आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि सविता कृष्णिया ने क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें स्वयं क्लब की अनेक परियोजनाओं से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की अपनी सीमाएं होती हैं, लेकिन अनेक जरूरतमंद ऐसे भी होते हैं, जिन तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता। ऐसे समय में इनर व्हील जैसे सेवा संगठन समाज के लिए आशा का केंद्र बनकर आगे आते हैं और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

इससे पूर्व निवर्तमान अध्यक्ष चारू जैन ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर संचालित सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दस सेवाभावी सदस्यों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जयश्री जेलिया एवं वंदना अग्रवाल ने किया।

समारोह में पीडी सावित्री खंडेलवाल, अनिता गोयल, वंदना अग्रवाल, पुष्पा गुप्ता, पूनम गोयल, सर्वेश्वरी रानीवाला, सुनीता गोयल जॉली, आदित्य जैन, अनिल जैन, राजेश गोयल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। सेवा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और तकनीक को जोड़ने वाली इन पहलों के साथ क्लब ने नए कार्यकाल की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story