द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की कोटा सीए ब्रांच द्वारा आयोजित “सीए महोत्सव-2026” का शुभारंभ 27 जून से होगा। “लर्निंग, लीडरशिप, स्पोर्ट्स, सर्विस व सेलिब्रेशन” थीम पर आयोजित इस महोत्सव में खेलकूद प्रतियोगिताओं, ध्वजारोहण, हेल्थ चेकअप कैंप, रक्तदान शिविर, जीएसटी सेमिनार और सम्मान समारोह सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कोटा सीए ब्रांच के वाइस चेयरमैन सीए अंकित गुप्ता ने महोत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए स्टूडेंट्स को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां नेतृत्व क्षमता, खेल भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आपसी समन्वय को प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने बताया कि 27 जून 2026 को इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निजी ग्राउंड में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए स्टूडेंट्स के लिए इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल शामिल होंगे।

महोत्सव के तहत 28 जून को बहुप्रतीक्षित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग (सीएपीएल)-2026 ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। आईपीएल की तर्ज पर पहली बार आयोजित होने वाले इस ऑक्शन में टीम मालिक खिलाड़ियों की बोली लगाकर अपनी टीमों का गठन करेंगे, जिससे प्रतियोगिता को नया और रोमांचक स्वरूप मिलेगा।

आईसीएआई के 78वें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर 1 जुलाई को सुबह 9 बजे नई धान मंडी स्थित ब्रांच कार्यालय में ध्वजारोहण एवं सीए डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत हेल्थ चेकअप कैंप एवं रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत 4 एवं 5 जुलाई 2026 को सीएपीएल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता तथा 4 जुलाई को सीएपीएल महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में सीए सदस्य एवं सीए स्टूडेंट्स भाग लेंगे।

महोत्सव का समापन 11 जुलाई को डीसीएम रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह, जीएसटी पर ज्ञानवर्धक सेमिनार एवं स्नेह भोज के साथ होगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। सीए अंकित गुप्ता ने कहा कि सीए महोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह चार्टर्ड अकाउंटेंट्स समुदाय के बीच एकता, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी सदस्यों एवं सीए विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महोत्सव के कन्वीनर सीए रोहित पाटोदी ने बताया कि विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव ज्ञान, खेल, सेवा एवं सौहार्द का अनूठा संगम साबित होगा।

सीए महोत्सव-2026 के पोस्टर विमोचन के दौरान कोटा सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए अतिशय जैन, वाइस चेयरमैन सीए अंकित गुप्ता, सचिव सीए सुधांशु उपाध्याय, कोषाध्यक्ष सीए सचिन मंगल, सीकासा चेयरपर्सन सीए ख्याति भंडारी, सीपीई चेयरमैन सीए दीपक सिंघल, कार्यकारी सदस्य सीए गोविंद राम डूडी, एक्स-ऑफिसियो सदस्य सीए सतीश कुमार गुप्ता, महोत्सव के कन्वीनर सीए अभिनव जैन एवं सीए रोहित पाटोदी सहित समस्त प्रबंध समिति सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कोटा ब्रांच के पूर्व चेयरमैन सीए विष्णु गर्ग, सीए सौरभ जैन एवं सीए शशांक गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा उन्होंने सीए महोत्सव-2026 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

खेल, नेतृत्व, सामाजिक सेवा, व्यावसायिक उत्कृष्टता और ज्ञानवर्धक विमर्श को एक मंच पर लाने वाला सीए महोत्सव-2026 कोटा के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण और बहुआयामी आयोजन साबित होने जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story