कोटा, 19 दिसंबर। विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में 21 दिसंबर रविवार को मंगलेश्वरी गार्डन, रंगबाड़ी रोड, कोटा में विशाल अन्नकूट एवं राष्ट्रीय स्तर का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में 550 से अधिक युवक-युवतियां अपने अभिभावकों के साथ भाग लेकर मनपसंद जीवन साथी के लिए परिचय देंगी। फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने पत्रकारों को इस आयोजन की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता होंगे, जबकि अध्यक्षता का दायित्व विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा संभालेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में राधेश्याम गुरुजी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, विप्र फाउंडेशन), अरुण चतुर्वेर्दी (अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग), एस. डी. शर्मा (अध्यक्ष, ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन) शामिल होंगे। विशेष अतिथि के रूप में हरिमोहन शर्मा (विधायक, बूंदी), संदीप शर्मा (विधायक, कोटा दक्षिण), गोपाल शर्मा (विधायक, सिविल लाइंस जयपुर) और अशोक डोगरा (पूर्व विधायक, बूंदी) कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम (कोटा शहर) और सुरजीत शंकर (कोटा ग्रामीण) भी उपस्थित रहेंगे।

इस आयोजन में संतों का सानिध्य भी रहेगा, जिसमें मंगलेश्वरी मठ के महंत आनंद धाम पीठाधीश्वर दंडी स्वामी नर्मदानंद सरस्वती, बालकिशनदास जी महाराज, बाबा शैलेन्द्र भार्गव और महंत जगदीशानंद महाराज शामिल होंगे। संतों के आशीर्वचन समाज की एकता और नैतिक दिशा के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

परिचय सम्मेलन का यह सातवां संस्करण है। कार्यक्रम की शुरुआत 21 दिसंबर को शाम 3 बजे पूजा-अर्चना से होगी। इसमें कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के साथ ही इंदौर और भोपाल जैसे शहरों के स्टार्टअप व्यवसायी, उच्च शिक्षा प्राप्त युवक-युवतियां तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत युवा अपने अभिभावकों के साथ भाग लेंगे।

कार्यक्रम के पश्चात विप्र फाउंडेशन परिचय स्मारिका का विमोचन करेगा। इसमें प्रकाशित बायोडेटा के माध्यम से प्रतिभागी उम्र, शिक्षा, व्यवसाय, जॉब और वार्षिक आय के आधार पर उपयुक्त जीवन साथी का चयन कर सकेंगे। शाम 7 बजे विशाल अन्नकूट का आयोजन होगा, जिसमें छप्पन भोग की झांकी के साथ भजन संध्या भी शामिल होगी। अतिथियों का सम्मान और ठाकुर जी की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

महिला प्रदेश अध्यक्षा शशि शर्मा ने बताया कि मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी। वे अतिथियों का स्वागत, युवतियों को परिचय के लिए मंच तक पहुंचाने और भोजन वितरण में सहयोग करेंगी। आयोजन पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त रहेगा और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाएगा।

कार्यक्रम में नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का भी आयोजन होगा, जिसमें बीपी, शुगर आदि की जांच और अनुभवी डॉक्टरों द्वारा परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। कुंडली मिलान हेतु विद्वान पंडितों की व्यवस्था भी की गई है। नवयुवक संघ के शहर अध्यक्ष वैभव दाधीच, ऋषभ दुबे और सत्य प्रकाश भारद्वाज सहित युवा टीम व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।

भुवनेश्वर शर्मा, हरिसूदन शर्मा, कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, शशि शर्मा, अनीता शर्मा, रमेश शर्मा और रमेश चंद्र गौतम सहित विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। इस महाकुंभ से ब्राह्मण समाज में एकता और नवाचार की नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story