हरियाली तीज महोत्सव में राजपूती परंपरा की झलक, क्षत्राणियों ने मनाया उत्सव
कोटा में क्षत्राणी विंग ने हरियाली तीज महोत्सव मनाया। राजपूती परंपरा, तीज गीत, नृत्य और खेलों के बीच सीम्मी व रिया रहीं विजेता।

तस्वीर में थेकड़ा स्थित रिसॉर्ट में आयोजित हरियाली तीज महोत्सव के दौरान पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में नजर आ रही क्षत्राणी महिलाएं और बच्चे।
। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान की क्षत्राणी विंग की ओर से थेकड़ा स्थित रिसॉर्ट में हरियाली तीज महोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में क्षत्राणी महिलाओं ने पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में भाग लेकर तीज के गीत, नृत्य, खेल और सामूहिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
क्षत्राणी विंग की प्रदेश अध्यक्ष तरूणा सोलंकी ने बताया कि महोत्सव के दौरान महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न मनोरंजक खेलों और सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
तरूणा सोलंकी ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और सांस्कारिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को आपस में जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
महोत्सव में लहरिया क्वीन का खिताब सीम्मी सोलंकी ने जीता, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में रिया सोलंकी प्रथम रहीं। आयोजन के दौरान महिलाओं ने सावन से जुड़े विभिन्न खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
समारोह के अंत में उपस्थित महिलाओं ने समाज की एकता, राजस्थानी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा संगठन के संस्कारों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस तरह हरियाली तीज महोत्सव में राजपूती परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और महिला सहभागिता का समागम देखने को मिला।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
