कोटा/बारां। राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा का आत्मीय अभिनंदन किया। बारां आगमन पर आयोजित इस शिष्टाचार भेंट के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को बारां के आराध्य देव भगवान श्रीकल्याण राय जी की पावन तस्वीर भेंट की और उन्हें साफा पहनाकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

फेडरेशन के प्रतिनिधि राजेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस गरिमामय अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, सचिव संदीप पाडिया, अनिल मुंदड़ा सहित बारां इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा कस्तूरी, इंटेक कन्वीनर जितेंद्र शर्मा पम्मी, कोषाध्यक्ष मुरारी राठौर, हर्ष विजय और अशफाक मयूर ने भी सहभागिता कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

अभिनंदन समारोह के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान और संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने फेडरेशन के दूरगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेखांकित किया कि फेडरेशन वर्तमान में प्रदेश के सभी जिलों में धार्मिक, पुरातात्विक, पौराणिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इस मुहिम का मुख्य ध्येय पर्यटन और टूरिज्म को एक प्रभावी रोजगार के साधन के रूप में विकसित करना है। इसी क्रम में संरक्षक सुरेंद्र शाहपुरा, सचिव संदीप पाड़िया, अनिल मूंदड़ा और बारां इकाई अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने नवनियुक्त जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के साथ क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं और टूरिज्म को बढ़ावा देने वाले रणनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। जिला प्रशासन और फेडरेशन के मध्य हुई यह सार्थक चर्चा भविष्य में बारां क्षेत्र के पर्यटन परिदृश्य को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने वाली सिद्ध होगी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story