हाड़ौती पर्यटन: द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार में अंतरराष्ट्रीय ऑपरेटर्स को लुभाएगा राजस्थान का वैभव
जयपुर में आयोजित ट्रैवल बाजार में अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के सामने चंबल रिवर फ्रंट और मुकुंदरा समेत हाड़ौती के प्रमुख स्थलों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया गया।

जयपुर के जेईसीसी में आयोजित 'दी ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार' के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार को हाड़ौती के पर्यटन संवर्धन हेतु प्रस्ताव सौंपा। (बाएं से दाएं: अशोक माहेश्वरी, अन्य सदस्य, भुवनेश कुमार, महेंद्र सिंह राठौड़ और अन्य पदाधिकारी)
राजस्थान के हाड़ौती अंचल के पर्यटन को विश्व पटल पर स्थापित करने की दिशा में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन ने एक ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (JECC) में आयोजित 'दी ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार' (26-28 अप्रैल) के दौरान फेडरेशन की टीम ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के समक्ष हाड़ौती के वैभव का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। फेडरेशन के कोटा डिवीजन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, गड़रिया महादेव, चंबल सफारी, बूंदी के रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य, तारागढ़ दुर्ग, 84 खंभों की छतरी, नवल सागर, झालावाड़ के गागरोन दुर्ग, कोलवी की गुफाएं, मुकुंदरा अभ्यारण्य तथा बारां के रामगढ़ क्रेटर एवं भण्डदेवड़ा मंदिर की जानकारी पाकर अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर अभिभूत हो उठे। इसी उत्सुकता के परिणामस्वरूप 40 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय ट्रेवल एजेंटों का एक दल 29 अप्रैल को दोपहर 1:00 बजे बूंदी पहुंचेगा, जहाँ फेडरेशन की टीम द्वारा भव्य स्वागत के पश्चात उन्हें कोटा एवं बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।
इस वैश्विक पहल को मूर्त रूप देने में माहेश्वरी ने आरएटीओ (RATO) के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़, संयोजक दिलीप चौहान और राजस्थान पर्यटन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार से भेंट कर हाड़ौती के पर्यटन संवर्धन का आग्रह किया। माहेश्वरी एवं सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने सचिव से आग्रह किया कि पर्यटन मंत्रालय की योजना के तहत 26 राज्यों के टूर ऑपरेटरों को 'फेम टूर' के माध्यम से हाड़ौती भ्रमण पर लाया जाए। उन्होंने दिल्ली, भरतपुर, मथुरा, आगरा, रणथंभौर और कोटा को मिलाकर एक विशेष 'पैकेज टूर' बनाने का प्रस्ताव भी रखा, जो अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम है।
पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने हाड़ौती की संभावनाओं को स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि मंत्रालय उन क्षेत्रों को विकसित करने में पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है जहाँ अभी तक विकास की संभावनाएं शेष हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को भारत लाने के प्रयासों में राज्यों को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान माहेश्वरी ने सचिव को जनवरी 2027 में प्रस्तावित 'कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट' का निमंत्रण दिया और जनवरी 2026 के सफल आयोजन में मंत्रालय द्वारा स्टाल लगाकर किए गए अतुलनीय सहयोग हेतु आभार जताया। हाड़ौती की प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाने का यह प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
