कोटा। हाड़ौती अंचल के पर्यटन को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयां देने और विकास की गति को और अधिक तीव्र करने के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं मुख्य सलाहकार अनिल मुंदड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजेश गोयल से भेंट की। इस बैठक के दौरान कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट और कोटा महोत्सव की सफलताओं के पश्चात क्षेत्र के पर्यटन विकास को और अधिक गतिशील बनाने के लिए विस्तृत मंथन किया गया।

लोकसभा के ओएसडी राजेश गोयल ने प्रतिनिधिमंडल को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा देश के उत्कृष्ट पर्यटन स्थलों के विकास हेतु विशेष पैकेज का प्रावधान है। इसके अंतर्गत विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटरों के लिए एक विशेष 'फेम टूर' (Fame Tour) पैकेज तैयार कर पर्यटन केंद्रों पर भेजा जाता है ताकि वे उन क्षेत्रों की विशिष्टताओं से रूबरू हो सकें। गोयल ने सुझाव दिया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन को भारतीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ मिलकर हाड़ौती के लिए भी ऐसा ही विशेष पैकेज निर्मित करना चाहिए, जिससे देशभर में यहां के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो सके।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने इस दिशा में त्वरित कदम उठाने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे केंद्रीय मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। शीघ्र ही दिल्ली में आयोजित होने वाली बैठकों के माध्यम से प्रति माह एक विशेष राज्य के टूर पैकेज के तहत ऑपरेटरों को हाड़ौती भ्रमण पर लाने की वार्ता की जाएगी। माहेश्वरी ने स्पष्ट किया कि फेडरेशन एक ऐसी कार्ययोजना पर काम कर रहा है, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट व बाजारों में भागीदारी कर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की 'आइटनरी' और विशेष पैकेजों का विस्तृत विवरण वैश्विक टूर ऑपरेटरों के समक्ष रखा जाएगा।

बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि हालिया कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट के बाद से विदेशी और देसी पर्यटकों के समूहों का आगमन निरंतर जारी है, जिन्हें हाड़ौती का सौंदर्य अत्यंत प्रभावित कर रहा है। इसी क्रम में, प्रस्तावित 'कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट 2027' को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी है, जिसमें विदेशों की स्टॉलें और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए भारतीय पर्यटन मंत्रालय और राजस्थान पर्यटन विभाग का पूर्ण सहयोग लिया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और मुख्य सलाहकार अनिल मुंदड़ा ने राजेश गोयल द्वारा संसद भवन में रोड शो आयोजित करवाने और कोटा में पर्यटन विकास के लिए दिए गए अभूतपूर्व सहयोग के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर और दुपट्टा पहनाकर हार्दिक अभिनंदन किया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story