कोटा, 15 मार्च 2026। हाड़ोती क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज़्म, धार्मिक पर्यटन, नाइट टूरिज़्म, जंगल और जल सफारी, आधुनिक और ऐतिहासिक धरोहरों की मौजूदगी इस क्षेत्र के पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने में सक्षम है। यह बात राजस्थान पर्यटन सचिव प्रवीण गुप्ता ने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन के अवसर पर कही।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, सचिव रणविजय सिंह और कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर सचिवालय में पर्यटन सचिव प्रवीण गुप्ता से भेंट कर कोटा में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन में सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह और दुपट्टा पहनाकर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर लगभग दो घंटे तक हाड़ोती के पर्यटन विकास पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

पर्यटन सचिव प्रवीण गुप्ता ने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट अभूतपूर्व और सफल आयोजन रहा, जिसमें पहली बार 26 राज्यों से आए करीब 1200 टूर ऑपरेटर और पर्यटन से जुड़े लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हाड़ोती में पर्यटन स्थलों की कोई कमी नहीं है। क्षेत्र में चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, मुकुंदरा अभ्यारण, रामगढ़ अभ्यारण, शेरगढ़ अभ्यारण, चंबल सफारी, गागरोन दुर्ग, गढ़ पैलेस, किशोर सागर तालाब, रामगढ़ केटर, तारागढ़ दुर्ग, झील और नदियों के माध्यम से भरपूर पर्यटन संभावनाएं हैं।

प्रवीण गुप्ता ने कहा कि यदि संपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाए और प्रचार-प्रसार किया जाए तो हाड़ोती राज्य की बेहतरीन नई डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगी। उन्होंने बांरा में पर्यटन कार्यालय खोलने और कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा, अगले कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट को जनवरी 2027 में आयोजित करने पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार राजस्थान पर्यटन विभाग की वेबसाइट और अन्य संभागों के पर्यटन सर्किट से किया जाना चाहिए। साथ ही, देश-विदेश में आयोजित ट्रेवल मार्ट में हाड़ोती की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पर्यटन स्थलों की खामियों को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने बांरा में कार्यालय न होने के कारण पर्यटन स्थलों के रखरखाव और निवेश में रुकावट को भी स्पष्ट किया।

माहेश्वरी ने कहा कि कोटा महोत्सव को पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया जाना चाहिए और इसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया कि पहली बार किसी संभाग में ट्रेवल मार्ट का आयोजन किया गया, जिससे हाड़ोती को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हाड़ोती पर्यटन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां छुएगा।

पर्यटन सचिव और प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सहमति जताई कि केंद्रीय पर्यटन विभाग के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों के फेम टूर के माध्यम से टूर ऑपरेटर और पर्यटकों को हाड़ोती का भ्रमण करवाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के पर्यटन विकास को और नई गति मिलेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story