11 राज्यों के 50 से अधिक टूर ऑपरेटर हाड़ोती पहुंचे, बूंदी में भव्य स्वागत से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
11 राज्यों से आए 50 से अधिक टूर ऑपरेटरों का बूंदी में भव्य स्वागत हुआ। फेम टूर के जरिए हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने की तैयारी।

तस्वीर में अन्नता रिसॉर्ट बूंदी के मंच पर होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के पदाधिकारी और सदस्य खड़े नजर आ रहे हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा एवं उदयपुर डिवीजन, इंडिया आउटा बॉक्स एवं कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फैमिलियराइजेशन (फेम) टूर के तहत देशभर से आए टूर ऑपरेटरों का हाड़ोती के प्रवेश द्वार बूंदी स्थित अन्नता रिसोर्ट में पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य हाड़ोती क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि उदयपुर संभाग के तीन दिवसीय पर्यटन भ्रमण के बाद यह दल 5 से 8 अगस्त तक हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेगा। इस दौरान टूर ऑपरेटरों को बूंदी के तारागढ़ दुर्ग, नवल सागर, चौरासी खंभों की छतरी, जैत सागर, सुख महल, रानीजी की बावड़ी सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों तथा कोटा के चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, सेवन वंडर्स, किशोर सागर, गढ़ पैलेस, मां त्रिकूटा मंदिर, चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
बूंदी में आयोजित स्वागत समारोह में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा, नगर परिषद आयुक्त बृजेश कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी शरद व्यास, प्रेम शंकर, पर्यटन विभाग कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, इंटैक के कन्वीनर निखलेश सेठी, बूंदी इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा सहित होटल फेडरेशन की कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ इकाइयों के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी टूर ऑपरेटरों एवं अतिथियों का दुपट्टा, माल्यार्पण तथा ढोल-नगाड़ों के साथ हाड़ोती की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप आत्मीय स्वागत किया गया।
अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा-हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 2 से 5 अगस्त के दौरान मुंबई की प्रसिद्ध टूर ऑपरेटर रूपल शाह के नेतृत्व में महाराष्ट्र एवं गुजरात की 30 से अधिक महिला पर्यटकों के समूह ने हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और यहां की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर की सराहना की। इस अवसर पर कोटा स्थित होटल कंट्री इन में कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा पारंपरिक स्वागत कर स्मृति चिन्ह एवं स्मारिका भी भेंट की गई।
मुंबई से आई टूर ऑपरेटर एवं समूह लीडर रूपल शाह ने कहा कि कोटा-हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में भागीदारी के बाद वे लगातार महाराष्ट्र एवं गुजरात में हाड़ोती पर्यटन का प्रचार-प्रसार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हाड़ोती अब पर्यटकों के बीच एक नए एवं आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। देशभर के टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हाड़ोती की विभिन्न पर्यटन आइटनरी तैयार कर उनका व्यापक प्रचार किया जा रहा है।
इस फेम टूर में दिल्ली, मुंबई, कल्याण, उदयपुर, वडोदरा, पुणे, ओरछा, करनाल, गोरखपुर, ठाणे, गुवाहाटी, राजकोट, सिलीगुड़ी, बिलासपुर, जबलपुर, जोधपुर, इंदौर, केरल, लखनऊ एवं आगरा सहित देश के विभिन्न शहरों से 50 से अधिक टूर ऑपरेटर भाग ले रहे हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान उदयपुर एवं कोटा डिवीजन द्वारा मेवाड़–हाड़ोती सर्किट की सात दिवसीय पर्यटन आइटनरी तैयार की जाएगी, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, श्री सांवरिया सेठ, चित्तौड़गढ़, बूंदी एवं कोटा को शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हाड़ोती को आगरा, भरतपुर, रणथंभौर एवं जोधपुर पर्यटन सर्किट से जोड़ने तथा जयपुर संभाग के साथ पाँच दिवसीय अलग पर्यटन आइटनरी विकसित करने की भी योजना है।
उन्होंने बताया कि 6, 7 एवं 8 अगस्त को कोटा प्रवास के दौरान सभी टूर ऑपरेटरों का विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें हाड़ोती की पर्यटन संभावनाओं से विस्तार से परिचित कराया जाएगा। यह पहल हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
