हाड़ोती को पर्यटन नगरी बनाने के प्रयास तेज, ट्रेवल मार्ट से मिली राष्ट्रीय पहचान
कोटा में होटल फेडरेशन के समारोह में संभागीय आयुक्त और कलेक्टर ने पर्यटन विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और जनसहभागिता के माध्यम से रोजगार सृजन पर जोर दिया।

कोटा के माहेश्वरी रिसोर्ट में आयोजित होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के कार्यक्रम में मंचासीन संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पियूष सामरिया व अन्य अतिथि।
कोटा, 6 मार्च 2026: होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन माहेश्वरी रिसोर्ट पर संपन्न हुआ। समारोह में अतिथि के रूप में संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पियूष सामरिया, कोटा विकास प्राधिकरण आयुक्त ममता तिवारी, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सिटी अनिल सिंघल, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सीलिंग कृष्णा शुक्ला, वीणा कैसेट के चेयरमैन के सी मालू, मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक सुगनाराम जाट एवं वन विभाग के डीएफओ अनुराग भटनागर मुख्य रूप से मौजूद थे। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कार्यक्रम में विशेष रूप से कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंदराम मित्तल, पूर्व अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी, देवेंद्र कुमार जैन, जम्बु कुमार जैन, लघु उद्योग भारती के प्रांतीय सचिव अचल पोद्दार, हाड़ोती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कोटा व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भाटिया, कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के अध्यक्ष, महामंत्री, होटल फेडरेशन की कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ के सदस्य सहित कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।
हाड़ोती की पर्यटन संपदा और भविष्य की संभावनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने कहा कि "पिछले 1 वर्ष से कोटा महोत्सव एवं कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के आयोजन से हाड़ोती क्षेत्र की राष्ट्रीय स्तर पर एक पहचान मिली है।" उन्होंने कहा कि दिसंबर 2024 में आयोजित कोटा महोत्सव के बाद धीरे-धीरे हाड़ोती में पर्यटकों की आवाजाही में तेजी से विस्तार हुआ है एवं 2026 में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट व कोटा महोत्सव के सफल आयोजन से हाड़ोती का प्रचार-प्रसार राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। उन्होंने कहा कि "हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन की विपुल संपदा है, हाड़ोती राज्य की किसी भी संभाग से कमजोर नहीं है लेकिन प्रमोशन एवं प्रचार-प्रसार की कमी की वजह से हम पर्यटन के मानचित्र पर इसे नहीं ला पाए।" इसके लिए हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं। पिछले दिनों पर्यटन विकास की संभागीय बैठक में हमने हाड़ोती के पर्यटन को कैसे विकसित किया जाए और यहां इंफ्रास्ट्रक्चर में आ रही कमियों को दूर करने और पर्यटन स्थलों को जिलेवार दुरुस्त करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोटा के अर्थव्यवस्था में आए गतिरोध को पुनः गति देने के लिए हाड़ोती को पर्यटन नगरी का रूप देने के लिए आमजन को भी आगे आना होगा साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करना होगा ताकि यहां की अर्थव्यवस्था और रोजगार को एक नया साधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और उनकी टीम द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग भी इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
जनसहभागिता और सफल आयोजनों का प्रभाव
इस अवसर पर जिला कलेक्टर पियूष सामरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि "कोटा महोत्सव एवं कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट जैसे आयोजन पर्यटन के दृष्टिकोण को लेकर आयोजित कर रहे हैं और ऐसे आयोजन हमारे पर्यटन, संस्कृति, विरासत, ऐतिहासिक धरोहर के प्रदर्शन के साथ-साथ हमारी कला संस्कृति और क्षेत्रीय प्रतिभावान कलाकारों को भी एक मंच मिलता है।" उन्होंने कहा कि जिस तरह के आयोजन कोटा महोत्सव में हुए वह बेहद आकर्षक रहे, खासकर हेरिटेज वॉक और चंबल महाआरती का आयोजन जिसमें हजारों की संख्या में आमजनों ने भाग लिया और हर आयोजन सभी के सहयोग से अभूतपूर्व रहे। इसके लिए उन्होंने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन, कोटा व्यापार महासंघ, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन, कोटा व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के विशेष सहयोग की सराहना की और कहा कि इनकी भागीदारी से जन-जन का जुड़ाव इस आयोजन में रहा और सभी कोटा वासियों ने इसके हर आयोजन में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के आयोजन में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
ट्रैवल मार्ट के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग श्रीमती कृष्णा शुक्ला ने कहा कि "दिसंबर 2024 में आयोजित कोटा महोत्सव की शुरुआत से पूर्व हमारे द्वारा इस बात को लेकर किए जा रहे प्रयासों का परिणत रूप था क्योंकि कोटा को पर्यटन मानचित्र पर आगे किस तरह लाया जाए और इसी दृष्टिकोण से कोटा महोत्सव का आयोजन हुआ।" कोटा महोत्सव की शुरुआत के लिए हमने जनसहभागिता से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा व्यापार महासंघ, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन, कोटा व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन सहित कई अन्य संस्थाओं का सहयोग लिया जिससे इस आयोजन को भरपूर सफलता मिली। इसके परिणाम स्वरूप कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट कोटा शहर को मिला जिसमें पूरे देश के 26 राज्यों के टूर ऑपरेटर्स इस ट्रैवल मार्ट में आए, जिनके माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर एक नई डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने का अवसर मिला। जिस तरह से वर्ष 2026 का कोटा महोत्सव का आयोजन हुआ जो भव्य एवं सफल रहा और अब यह हर वर्ष आयोजित होने वाला आयोजन बन गया है जिसका प्रचार-प्रसार पूरे देश में होगा। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और संस्थाओं का भी हार्दिक आभार प्रकट किया।
पर्यटन नगरी बनाने का संकल्प और आगामी योजनाएं
कोटा विकास प्राधिकरण की आयुक्त ममता तिवारी ने कहा कि "कोटा महोत्सव की सफलता के पीछे यहां के जन-जन का जुड़ाव रहा जिससे इसमें आयोजित सभी कार्यक्रम बेहद आकर्षक रहे।" उन्होंने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट बेहतरीन सफल आयोजन था, आज तक ट्रैवल मार्ट का आयोजन राज्य की राजधानी में ही होता आया था। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम के सफल प्रयासों से पहली बार कोटा संभाग को कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट आयोजन करने का अवसर मिला। इसकी सफलता को देखते हुए निश्चित ही पर्यटन विभाग अगला ट्रैवल मार्ट भी कोटा में आयोजित करने का अवसर देगा। मुकुंदरा टाइगर हिल के मुख्य वन संरक्षक सुगनाराम जाट और वन विभाग के डीएफओ अनुराग भटनागर ने बताया कि चंबल सफारी एवं मुकुंदरा अभ्यारण सफारी, आभेड़ा महल और गड़िया महादेव को और अधिक आकर्षक व सुविधायुक्त बनाने पर निरंतर कार्य चल रहा है जिससे ज्यादा से ज्यादा पर्यटक यहां पर आ सकें।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि "गत डेढ़ वर्षों से पर्यटन विकास की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से निरंतर पर्यटन की दिशा में हाड़ोती आगे बढ़ रहा है।" उन्होंने कहा कि हमने इस बात का संकल्प लिया है कि जब तक हम हाड़ोती को पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित नहीं करेंगे तब तक निरंतर प्रयास करते रहेंगे और आने वाले समय में कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट एवं कोटा महोत्सव के आयोजन 4 से 7 दिवस करने के लिए राज्य सरकार से मांग करेंगे। माहेश्वरी ने बताया कि केंद्रीय पर्यटन विभाग के सहयोग से प्रत्येक राज्य से टूर ऑपरेटर और पर्यटन से जुड़े लोगों को 'फेम टूर' के माध्यम से हाड़ोती का भ्रमण करवाया जाएगा जिससे एक नई डेस्टिनेशन के रूप में पैकेज बनाकर पर्यटकों को भेजा जा सके। महासचिव संदीप पाडिया ने सभी से सोशल मीडिया के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया। समारोह में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के पदाधिकारियों सहित 100 से अधिक संस्थाओं के सदस्यों को सम्मानित किया गया और अंत में सभी ने भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच के लाइव प्रसारण का आनंद लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
