कोटा, 7 अप्रेल 2026: हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति का शपथ ग्रहण समारोह बूंदी रोड स्थित एक निजी रिसॉर्ट में गरिमापूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने की। समारोह के विशिष्ठ अतिथि टेंट डीलर्स समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा थे। कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल एवं सचिव गुरमीत सिंह सन्नी ने बताया कि इस अवसर पर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक सिंघल सहित सभी पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा शपथ दिलाई गई।

सामाजिक सरोकार और किफायती सेवाओं का आह्वान

कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न संभागों से आए टेंट व्यवसायी एवं हाड़ौती संभाग के सभी जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई एवं बधाई देते हुए कहा कि "टेंट व्यवसाय एक बड़ा एवं महत्वपूर्ण व्यवसाय है, जिसके बिना कोई भी सामाजिक आयोजन संभव नहीं है।" उन्होंने टेंट व्यवसायियों से किफायती दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए और इस क्षेत्र को नई गति मिले।

जीएसटी दर कम करने और पर्यटन विकास पर जोर

समारोह की अध्यक्षता करते हुए अशोक माहेश्वरी ने कहा कि "टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर वर्तमान 18% जी एस टी दर अत्यधिक है, क्योंकि यह व्यवसाय सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है।" उन्होंने सरकार से इसे घटाकर 5% करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे भविष्य में कोटा में डेस्टिनेशन वेडिंग्स बढ़ेंगी और टेंट, कैटरिंग एवं होटल व्यवसाय को नई गति मिलेगी। इसके लिए व्यवसायियों को आधुनिक तकनीक अपनाते हुए अपने कार्य में नवाचार करना होगा।

सितंबर में कोटा में होगा राज्य स्तरीय अधिवेशन

माहेश्वरी ने आगामी सितंबर माह में कोटा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय टेंट व्यवसायियों के अधिवेशन का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन इस आयोजन में पूर्ण सहयोग देंगी। इस अधिवेशन में राज्यभर से लगभग 10,000 टेंट व्यवसायियों के आने की संभावना है, जिन्हें कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे शहर के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।

कोटा की उभरती पर्यटन नगरी के रूप में पहचान

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने कहा कि "कोटा तेजी से एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में उभर रहा है और यहां आयोजित होने वाला अधिवेशन इस पहचान को और मजबूत करेगा क्योंकि कोटा बहुत ही सुंदर शहर एवं पर्यटन शहर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, पूरे राज्य भर के टेन्ट व्यवसायी कोटा के पर्यटन स्थलों का अवलोकन कर सकेंगे।"

अतिथियों का सम्मान और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का स्वागत

कार्यक्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से अतिथियों एवं विभिन्न संभागों से आए टेंट व्यवसायियों का स्मृति चिन्ह, दुपट्टा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की स्मारिका देकर सम्मान किया गया। साथ ही हाड़ौती टेंट डीलर समिति में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जवाहर बंसल को संरक्षक, बारा इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल को एवं बूंदी से मुकेश श्रृंगी उपाध्यक्ष को पदाधिकारी बनाए जाने पर उनका भी स्वागत किया गया।

इस अवसर पर हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी जिसमें अध्यक्ष दीपक सिंघल, महामन्त्री गुरमित सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोर मन सिंह, उपाध्यक्ष सौरभ पोरवाल, कपिल शर्मा, मुकेश श्रृंगी, पूनम अग्रवाल, अशोक देवकीनन्दन सहित सभी पदाधिकारी ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में अजमेर संभाग से मो. अजीम, संदीप गोयल, जयपुर से अतुल शर्मा, जोधपुर से जालाराम, पाली से जहीर मकरानी, नागौर से पंकजलाल गोयल, उदयपुर से अर्जुन खोखावत, भरतपुर से मुकेश गुप्ता, झुंझुनूं से मुकेश धानका और बीकानेर से पूनमचंद कच्छवा, सुनील भाटी सहित हाडोती के सभी टेंट व्यवसायी मौजूद थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story