हाड़ौती गौरव सम्मान समारोह-2027: विशाल वर्मा कोटा जिला संयोजक नियुक्त
कोटा जिले की प्रतिभाओं के चयन व सम्मान समारोह से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई, हाड़ौती के चारों जिलों के कर्मयोगी सम्मानित होंगे।

कोटा। होटल व्यवसाय के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यवसायी एवं समाजसेवी विशाल वर्मा को न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी की ओर से आयोजित होने वाले नवम हाड़ौती गौरव सम्मान समारोह-2027 का कोटा जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से समारोह की तैयारियों को गति मिलने के साथ कोटा जिले की प्रतिभाओं, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मान समारोह से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
संभागीय संयोजक लोकेश शर्मा एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रतीक गोयल ने बताया कि न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी, कोटा की ओर से यह प्रतिष्ठित समारोह आगामी 5 जनवरी 2027 को दोपहर 1 बजे संभागीय मुख्यालय कोटा में आयोजित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य हाड़ौती अंचल की उन प्रतिभाओं, कर्मयोगियों, समाजसेवियों और संस्थाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने समर्पण, मेहनत और विशिष्ट कार्यों के माध्यम से समाज एवं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसी उद्देश्य से कोटा जिले की प्रतिभाओं के चयन और उन्हें समारोह से जोड़ने की जिम्मेदारी व्यवसायी एवं समाजसेवी विशाल वर्मा को सौंपी गई है। होटल व्यवसाय के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले विशाल वर्मा अपनी सरल, सहज और मिलनसार पहचान के लिए जाने जाते हैं।
हाड़ौती गौरव सम्मान समारोह में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिलों की प्रतिभाओं को सम्मानित होने का अवसर मिलेगा। इसके तहत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षाविदों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला सशक्तीकरण के लिए कार्य करने वाली महिलाओं, पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय व्यक्तियों, रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं तथा स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय लोगों को सम्मानित करने की परिकल्पना की गई है।
सोसायटी का विशेष प्रयास है कि हाड़ौती क्षेत्र में ऐसे अनेक लोग हैं, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाजहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। इन गुमनाम कर्मयोगियों को पहचान दिलाकर सम्मानित करना आयोजन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। समारोह के माध्यम से नई पीढ़ी को समाजसेवा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरित करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
कोटा जिला संयोजक मनोनीत होने पर विशाल वर्मा ने न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और पहचान दिलाने की है। वे कोटा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को समारोह से जोड़ने का प्रयास करेंगे, ताकि अधिकाधिक योग्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा सके।
विशाल वर्मा को हाड़ौती गौरव सम्मान-2027 का कोटा जिला संयोजक बनाए जाने पर न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती अंजू शर्मा, सचिव इंजीनियर पुष्पकान्त, संभागीय संयोजक लोकेश शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक प्रतीक गोयल, कोषाध्यक्ष दिनेश पोटर सहित सोसायटी के सदस्यों एवं समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी। साथ ही झालावाड़ जिले की प्रतिभाओं को भी आगे लाकर सम्मानित कराने का आग्रह किया।
समारोह के माध्यम से हाड़ौती के चारों जिलों की प्रतिभाओं और समाजहित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को पहचान एवं सम्मान देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
