भारत विकास परिषद, उत्तर पश्चिम क्षेत्र की ओर से भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा के संवर्धन तथा विद्यार्थियों में संस्कार, सम्मान और राष्ट्रभाव जागृत करने के उद्देश्य से गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को प्रदेशव्यापी ‘गुरुगौरवम्’ अभियान का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्र की 264 शाखाओं के माध्यम से राजस्थान के 300 से अधिक विद्यालयों में एक साथ गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित होंगे।

प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल जौली ने बताया कि भारत विकास परिषद, राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत में इस अभियान के अंतर्गत कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ जिलों की 40 शाखाओं द्वारा 45 से 50 से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में हजारों विद्यार्थी, गुरुजन एवं अभिभावक सहभागी बनेंगे तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया जाएगा।

राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत के कोटा महानगर में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जोधपुर से पधारे क्षेत्रीय संगठन सचिव जगदीश शर्मा ने बैठक में विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री राधेश्याम रंगा एवं क्षेत्रीय महासचिव सीए श्री संदीप बाल्डी के नेतृत्व में यह अभियान पूरे राजस्थान में वृहद स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

प्रांतीय महासचिव श्री पराग टोंग्या ने बताया कि भारत विकास परिषद का ‘गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन’ प्रकल्प वर्ष 1999-2000 से निरंतर संचालित किया जा रहा है। ‘गुरुगौरवम्’ नाम से आयोजित यह महाअभियान परिषद के स्थायी एवं अत्यंत महत्वपूर्ण ‘गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन’ प्रकल्प का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करना तथा भारतीय संस्कृति के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

प्रांतीय गतिविधि संयोजक संस्कार महावीर शर्मा ने बताया कि प्रांत की सभी शाखाओं ने कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। प्रत्येक शाखा अपने क्षेत्र के विद्यालय में गुरुजनों का सम्मान करेगी तथा शिक्षा, खेल, संस्कृति, सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का अभिनंदन किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों की जानकारी प्रांतीय स्तर पर संकलित कर उत्तर पश्चिम क्षेत्र को प्रेषित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा, माता-पिता के सम्मान एवं सेवा का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही नशामुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी संस्कारित, अनुशासित एवं राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनने की प्रेरणा प्राप्त कर सके।

गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन प्रकल्प के प्रांतीय सदस्य श्री योगेन्द्र सिंह शर्मा ने बताया कि सभी शाखाओं को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं।

प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संस्कार रवि विजय, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेखा, क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक महिला सहभागिता कुसुम शर्मा, प्रांतीय संरक्षक रवि शंकर मुंदड़ा, प्रांतीय उपाध्यक्ष सोनल गोयल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंघवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री दिनेश खुवाल, प्रांतीय गतिविधि संयोजक सेवा ब्रजेश उपाध्याय, संस्कार संयोजक महावीर शर्मा तथा महिला सहभागिता संयोजक उमा पालीवाल उपस्थित रहे। प्रदेशभर में आयोजित होने वाला यह अभियान गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान, विद्यार्थियों के अभिनंदन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story