जोधपुर बैठक में गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सभाओं की संबद्धता पर सहमति, संगठन एकीकृत
अखिल भारतवर्षीय महासभा और राजस्थान प्रान्तीय सभा के बीच आपसी मतभेद समाप्त, समाजहित में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ समझौता।

जोधपुर की विशेष बैठक में अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी (बाएं से चौथे) और राजस्थान प्रान्तीय सभा के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा संबद्धता प्रमाण पत्र के साथ।
राजस्थान प्रान्तीय गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सभा की संबद्धता को लेकर जोधपुर में आयोजित एक विशेष बैठक में संगठनात्मक एकीकरण पर महत्वपूर्ण सहमति बनी। कोटा संभागीय अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद गौतम एवं जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी तथा राजस्थान प्रान्तीय गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा के बीच संबद्धता से संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद संबद्धता प्रमाणपत्र भी जारी किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने इस पहल को समाज और संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिला प्रेस प्रभारी राजेश गौतम के अनुसार लगभग एक वर्ष से समाज की संस्था में उत्पन्न विभाजन और दो भागों में बंटे संगठन के बीच आपसी मतभेदों को समाप्त कर एकता स्थापित करने की दिशा में यह निर्णय लिया गया। सभी पक्षों ने आपसी सहमति से मतभेदों को पीछे छोड़ते हुए समाजहित को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई।
सूचना के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी एवं प्रधानमंत्री प्रद्युम्न जोशी द्वारा राजस्थान प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा एवं राजाराम शर्मा की प्रांतीय इकाई को संबद्धता प्रदान की गई। इसके साथ ही राजस्थान में संगठनात्मक संरचना को लेकर स्पष्ट व्यवस्था निर्धारित की गई है, जिसके तहत राजस्थान प्रान्तीय गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सभा को अपने कार्यक्रम, पदाधिकारी एवं योजनाओं के संचालन में स्वतंत्रता प्रदान की गई है।
साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान में कार्यरत महासभा की सभी कार्यकारिणियां इस निर्णय के पश्चात स्वतः भंग मानी जाएंगी और उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। इस निर्णय को संगठनात्मक एकता की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में समाज के समन्वित विकास और एकजुटता को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
